शहर थाना के सामने शनिवार को गैस टैंकर की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय मुकेश कुमार निवासी गांव मौजगढ़ के तौर पर हुई है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर शहर थाना के सामने से जा रहे गैस टैंकर ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके चलते वह गंभीर तौर पर घायल हो गया। सूचना मिलते ही भाई घनईया जी सोसायटी की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उसे घायलावस्था में नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर अवस्था को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रेफर कर दिया। सिरसा जाते समय रास्ते में ही मुकेश कुमार ने दम तोड़ दिया। इस मामले में जांच कर रहे शहर थाना के एसआई सुरेश कुमार ने बताया कि गैस टैंकर को पुलिस ने जब्त कर लिया है और मृतक मुकेश का शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के बयानों के आधार पर रविवार को पोस्टमार्टम के उपरांत आगामी कार्रवाई की जाएगी।