- दो दोस्तों के साथ गांव अली मोहम्मद में बने कमरे में सोया था युवक
फोटो- 22,23
संवाद न्यूज एजेंसी
चोपटा। गांव अली मोहम्मद में गांव फूलकां के 20 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। नाथूसरी-चोपटा थाना पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है। मृतक की पहचान प्रीतम पुत्र नरेश कुमार के रूप में हुई है।
गांव फूलकां निवासी मृतक प्रीतम अपने गांव के ही साथी चन्द्रपाल को साथ लेकर पास लगते गांव अली मोहम्मद में एक अन्य साथी रायसिंह उर्फ धोलू के पास गए थे। वीरवार रात को प्रीतम अपने मोटरसाइकिल पर दोनों साथियों को लेकर अली मोहम्मद निवासी धोलू के खेत में चले गए और रात को खेत में बने कमरे में ही सो गए। शुक्रवार सुबह करीबन 8 बजे प्रीतम का स्वास्थ्य बिगड़ गया।
इस दौरान चन्द्रपाल और धोलू, प्रीतम को सिरसा के निजी अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान प्रीतम को मृत घोषित कर दिया। यह सूचना मिलते ही परिवारजन और पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
चोपटा पुलिस थाना के जांच अधिकारी एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि गांव फूलकां के एक युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिरसा के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।