संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। गांव करीवाला में रविवार देर रात 11 बजे एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर कंबाइन के कटर से टकरा गई। इस घटना में मोटरसाइकिल चालक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।
मृतक की पहचान गांव करीवाला निवासी 46 वर्षीय हरपाल सिंह पुत्र रंजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में हरपाल के भाई किरणदीप ने बताया कि हरपाल सिंह खेती-बाड़ी का कार्य करता था। रविवार रात करीब 11 बजे गांव दमदमा की ओर से अपने घर जा रहा था।
इसी दौरान हरपाल सिंह की बाइक अनियंत्रित होकर गांव करीवाला में सड़क से नीचे वेल्डिंग की एक दुकान के आगे पड़े कंबाइन के कटर से जा टकराई। इससे हरपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि हरपाल सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। हरपाल के भाई किरण दीप के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।