पाकिस्तान मुर्दाबाद के पोस्टर सड़क पर चस्पा कर गुजरते लोग। संवाद
सिरसा। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में सैलानियों की हुई हत्या को लेकर युवाओं में आक्रोश है। सिरसा की गीता भवन क्षेत्र के युवाओं ने अपनी नाराजगी जताने के लिए पाकिस्तान के झंडे के प्रतीक चिह्न के साथ ''आतंकवाद मुर्दाबाद'' लिखे पोस्टर बनवाए और उन्हें सड़क पर जगह-जगह चस्पा कर दिए।
स्थानीय युवाओं विक्की, मोहित और सूजल ने बताया कि पहलगाम की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश में इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए। आतंकवाद एक अभिशाप है और इसका खात्मा जरूरी है।
विक्की ने कहा कि हम आम लोग हैं, लेकिन जब हमारे देश में सैलानियों को निशाना बनाया जाता है, तो चुप रहना मुश्किल हो जाता है। सरकार आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है, लेकिन जनजागरण भी जरूरी है, इसलिए हमने अपना आक्रोश इस तरह जाहिर किया है।