सिरसा। परिवहन विभाग हर बार की तरह इस बार भी रक्षाबंधन पर महिलाओं को निशुल्क यात्रा कराएगा। रोडवेज विभाग की ओर से पत्र जारी कर रक्षाबंधन के दिन लोकल रूट सहित दिल्ली और चंडीगढ़ रूटों पर भी बसों का निशुल्क संचालन करने के आदेश जारी किया है।
महिलाओं को हरियाणा रोडवेज की बसों में 18 अगस्त को दोपहर 12 बजे से लेकर 19 अगस्त रात्रि 12 बजे तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। महिलाएं अपने 15 साल तक के बच्चों को साथ लेकर रोडवेज में सफर कर सकती है। लेकिन 15 वर्ष से अधिक के बच्चों और पुरुषों का पूरा किराया लगेगा। रोडवेज विभाग की ओर से जारी पत्र में लिखा गया है कि अगर रक्षाबंधन पर यात्रियों की संख्या बढ़ती है, तो अतिरिक्त बसों को संचालन भी किया जा सकता है।
विज्ञापन
डाक विभाग के वाटर प्रूफ लिफाफे में सुरक्षित पहुंचेगी राखी : रक्षा बंधन को खास बनाने के लिए डाक विभाग ने वाटर प्रूफ लिफाफे का प्रबंधन किया है। डाक विभाग का कहना है कि बारिश में भी लिफाफों की गुणवत्ता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इन लिफाफों में ही सुरक्षित राखियां भाइयों के घरों तक पहुंच जाएंगी। डाक विभाग इस लिफाफे को 10 रुपये में दे रहा है। लिफाफे की खास बात यह होगी कि इससे चिपकाने के लिए गौंद की आवश्यकता नहीं होगी। विभाग के अनुसार उपभोक्ताओं को यह लिफाफे बहुत पसंद आ रहे हैं।
रक्षाबंधन को लेकर महिलाओं के लिए बसों की विशेष सुविधा दी गई है। बसों की कोई कमी नहीं रहेगी और महिलाओं को भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए बस स्टैंड पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। -संतलाल, टीआई, रोडवेज निगम सिरसा।