बीते दिन बुधवार शाम वाल्मीकि चौक के निकट स्थित लक्खी तालाब मुहल्ला में विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उसका पति नशे का आदि है और अकसर उसके साथ मारपीट करता था। बुधवार को 31 वर्षीय महिला राधा रानी के ससुरालजनों ने उन्हें फोन कर बताया कि राधा की तबीयत खराब है। शाम को जब वे सिरसा पहुंचे तो राधा घर में बेसुध अवस्था में थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला दो बच्चों की मां हैं।
मृतक महिला राधा रानी के पिता सतीश निवासी गिदड़बाहा पंजाब ने बताया कि वर्ष 2008 में उसकी बेटी की शादी सिरसा निवासी सुरेंद्र से हुई थी। शादी के बाद से ही वह उसकी लड़की के साथ मारपीट करता था। कई बार पंचायतें भी हुई तथा बाद में कोर्ट केस भी हुआ। इसके बाद राजीनामे के बाद उन्होंने अपनी बेटी को दोबारा उसके ससुराल भेज दिया। मृतक महिला के भाई शंटी ने कहा कि वे इस मामले में इंसाफ चाहते हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जैसा होगा, उस हिसाब से कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं इस संबंध में शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि चिकित्सकों का बोर्ड गठित कर मृतक महिला का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम में चिकित्सक जो रिपोर्ट देंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।