रानियां। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देते बच्चे। स्कूल
रानियां। दी गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उड़ान फेस्ट-2025 कार्यक्रम के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मशाल जलाकर एथलेटिक्स व अन्य खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। इस दाैरान विजेता खिलाड़ियों को मेडल व उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रानियां थाना प्रभारी गुरनमिंदर सिंह, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रदेश सचिव अंग्रेज सिंह व खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार अरोड़ा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं स्टेट फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के उपप्रधान डॉ. अमित मेहता ने वशिष्ठ अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रिंसिपल सुखराज सिंह जोसन व डायरेक्टर सिमरन जोसन ने की। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने बच्चों को दैनिक जीवन में योग व खेलकूद में भाग लेने की सलाह देते हुए कहा कि खेलों से शरीर व मस्तिष्क स्वस्थ तो रहता ही है साथ ही अनुशासन का भी विकास होता है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अमित मेहता ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी हमारे व्यक्तित्व का विकास करने में सहायक है। इससे हमारा शरीर स्वस्थ व मजबूत रहता है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंग बिरंगी पोशाक पहनकर सांस्कृतिक प्रस्तुति देते हुए उपस्थित अभिभावकों और आए हुए अतिथि सदस्यों का मन मोह लिया। इस दौरान बलवान जांगड़ा, कुलविंदर सिंह, गुरमीत सिंह ढिल्लों, एएसआई सुभाष चंद्र व स्कूल स्टाफ व अभिभावकगण मौजूद रहे।