पंजाब के एक वकील ने सिरसा के दो वकीलों और अदालत की आंख में धूल झोंक कर अपनी पत्नी से तलाक ले लिया। आरोपी वकील ने अदालत में जिस लड़की को अपनी पत्नी बताया वह उसकी पत्नी नहीं बल्कि बठिंडा कोर्ट में उसके साथ वकालत करती है। इस खुलासे के बाद शहर थाना पुलिस ने सिरसा कोर्ट में वकालत करने वाले एडवोकेट बक्शीश सिंह की शिकायत पर बठिंडा निवासी कमलजीत बंसल, पिता हुकमचंद बंसल व एक अज्ञात लड़की के खिलाफ साजिश रचने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी, कोर्ट में झूठ बोलने का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बठिंडा कोर्ट में वकील कमलजीत बंसल का पिता हुकमचंद बंसल डेरा सच्चा सौदा सिरसा में फ्लैट लेकर रहता है। गत 14 मार्च 2016 को एडवोकेट कमलजीत बंसल अपने साथ एक लड़की लेकर सिरसा अदालत परिसर मेें एडवोकेट बक्शीश सिंह थिंद के पास आया। एडवोकेट कमलजीत ने उक्त लड़की का परिचय अपनी पत्नी रीमा रानी के रूप में करवाया। उन्होंने कहा कि वे दोनों तलाक लेना चाहते हैं। सिंह के साथी एडवोकेट नरेंद्र सैन ने कमलजीत की तलाक पिटीशन अदालत में दायर कर दी। इसी बीच एडवोकेट बक्शीश सिंह थिंद की डेरा सच्चा सौदा में रह रहे कमलजीत के पिता हुकमचंद से बात हुई। हुकमचंद ने कहा कि कमलजीत व रीमा की आपस में बनती नहीं इसलिए वे दोनों तलाक ले रहे हैं।14 सितंबर को कमलजीत और उसकी पत्नी रीमा रानी के कोर्ट में पेश हुए और उन्हें कोर्ट से सहमति से तलाक की डिग्री मिल गई।
9 मार्च 2017 को एडवोकेट बक्शीश सिंह की सीट पर बठिंडा कोर्ट से एडवाकेट नंदलाल गर्ग व अभय सिंगला आए। उन्होंने बताया कि एडवोकेट कमलजीत सिंह ने आपको और सिरसा कोर्ट को धोखा दिया है जिस लड़की को कोर्ट में अपनी पत्नी रीमा बताकर कमलजीत ने तलाक लिया वो उसकी पत्नी नहीं बठिंडा कोर्ट की महिला वकील है। इसके बाद कमलजीत सिंह की असल पत्नी रीमा रानी सिरसा कोर्ट पहुंची। शिकायतकर्ता एडवोकेट बक्शीश सिंह को असल रीमा ने अपनी शादी की एलबम दिखाई तो उनके पैर तले की जमीन खिसक गई। इसके बाद धोखाधड़ी की रची गई साजिश से पर्दा उठ गया। आरोपी एडवोकेट कमलजीत ने अपनी पत्नी रीमा रानी को नाजायज नुकसान पहुंचाने की नीयत से सिरसा के वकील और कोर्ट दोनों से धोखाधड़ी की।
आरोपी एडवोकेट कमलजीत बंसल निवासी बठिंडा, उसके पिता हुकमचंद बंसल व उक्त अज्ञात लड़की के खिलाफ साजिश रचने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी, कोर्ट में झूठ बोलने के तहत एफआईआर दर्ज की गई। उक्त कानूनी कार्रवाई सिरसा कोर्ट के एडवोकेट बक्शीश सिंह की शिकायत पर हुई है। आरोपियों ने वकीलों और कोर्ट से धोखाधड़ी करके तलाक लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-अशोक कुमार, जांच अधिकारी एवं इंचार्ज हुडा पुलिस चौकी सिरसा।