संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डिंग रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर पर उसकी पत्नी ने अपने घरवालों के साथ मिलकर हमला कर दिया। घायल स्टेशन मास्टर सिरसा सरकारी अस्पताल से प्राथमिक उपचार लेने के बाद कुछ दिन पहले गांव चला गया तो पीछे से पत्नी मकान में रखा सारा अपने घर ले गई। पीड़ित स्टेशन मास्टर ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई तो डिंग थाना पुलिस ने 55 दिन बाद आरोपी पत्नी सहित 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज ली है।
गांव निमोढ़ जिला रेवाड़ी निवासी नवीन कुमार डिंग रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर है। नवीन कुमार अपनी पत्नी दीपक कुमारी के साथ डिंग में ही रहता है। पुलिस को दी शिकायत में स्टेशन मास्टर नवीन कुमार ने बताया कि 27 नवंबर 2024 की रात करीब साढ़े 9 बजे वह ड्यूटी से अपने घर आया था। घर पर उसकी पत्नी दीपक कुमारी अपने घरवालों के साथ बैठी थी। इसके बाद उक्त लोगों ने उसपर हमला कर दिया। नवीन कुमार ने शोर मचाया तो पड़ोसी उसे बचाने आ गए। इसके बाद नवीन ने डायल 112 पर कॉल कर मदद मांगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे डिंग के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे सिविल अस्पताल सिरसा रेफर कर दिया गया। स्टेशन मास्टर नवीन कुमार के अनुसार उसकी पत्नी पहले भी अपने घरवालों को बुलाकर उसकी पिटाई करवा चुकी है। नवीन कुमार का कहना है कि इस संबंध में उसने 28 नवंबर 2024 को डिंग थाने में शिकायत दी थी। इसके बाद वह रेवाड़ी स्थित अपने गांव चला गया।
जेवर, स्कूटी व कार सहित सब कुछ ले गई पत्नी
नवीन कुमार के अनुसार 6 दिसंबर 2024 को वह डिंग स्थित अपने किराए के मकान में आया तो यहां सारा सामान गायब मिला। मकान मालिक से पूछा तो उसने बताया कि आपकी पत्नी व उसके घरवाले सारा सामान ले गए हैं। नवीन ने कहा कि उसके घर से दो तोले सोने की चेन, अंगूठी, 40 हजार रुपये, आई 20 कार व अन्य सारा सामान उसकी पत्नी अपने मायके गांव जमालपुर जिला भिवानी में ले गई। नवीन का कहना है कि उसकी पत्नी व ससुराल वाले उसे पिछले पांच वर्षों से मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं।जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सिदार्थ ने बताया कि स्टेशन मास्टर नवीन कुमार की शिकायत पर आरोपी दीपक कुमारी, साला संजय, सीलू, जितिन, सास मेसरी देवी, सपना पत्नी संजय, मिल्की पत्नी सीलू व मुस्कान पुत्र संजय निवासी गांव जमालपुर जिला भिवानी के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।