ओढ़ां में 25 अक्तूबर को खुला अस्थायी बिक्री केंद्र भी बीज न मिलने से बंद पड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। हरियाणा बीज विकास निगम की ओर से किसानों को सब्सिडी युक्त गेहूं का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। हालांकि, सरकारी दुकानों पर बीज खत्म होने से किसानों को परेशानी हो रही है। इस कारण वे निजी दुकानों से अधिक दाम पर बीज खरीदने के लिए मजबूर हैं।
किसानों ने सरकार से समय पर बीज मुहैया कराने की मांग की है ताकि बिजाई हो सके। निगम अधिकारियों के अनुसार, बीज की मांग अधिक थी। जिले में करीब 6 हजार क्विंटल बीज अधिक वितरित किया गया है। इस कारण जिले के सभी 6 सरकारी बिक्री केंद्रों पर बीज की कमी आई।
ओढ़ां में 25 अक्तूबर को खुला अस्थायी बिक्री केंद्र भी बीज न मिलने से बंद पड़ा है। किसान निजी दुकानों से करीब 400 रुपये प्रति बैग अधिक दाम देकर बीज खरीद रहे हैं। हरियाणा बीज विकास निगम सिरसा के मैनेजर सुनील वर्मा ने बताया कि 22 हजार क्विंटल की जगह 28 हजार क्विंटल बीज वितरित हुआ है। उन्होंने कहा कि और बीज के लिए मांग भेजी गई है।
किसानों की समस्या
किसान गुरचेत सिंह, जगदीश कुमार, मंदीप सिंह, कुलवंत सिंह, रणवीर सिंह, सुखदेव सिंह कुंडर और मेवा सिंह ने अपनी समस्या बताई। उन्होंने कहा कि बिजाई के सीजन में बीज नहीं मिल रहा है। उन्हें मजबूरन 400 रुपये प्रति बैग अधिक चुकाने पड़ रहे हैं। किसानों ने सरकार से और बीज की व्यवस्था करने की अपील की है। इससे समय पर बिजाई हो सकेगी और अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ेगा।
कोट्स
किसानों को सस्ता व अच्छी गुणवत्ता का बीज मुहैया करवाया जा रहा है। मांग ज्यादा थी। हमने सिरसा में करीब 6 हजार क्विंटल बीज ज्यादा दिया है। हम और बीच मंगवा रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही बीज आ जाएगा।
- देव कुमार शर्मा, चेयरमैन हरियाणा बीज विकास निगम।