एसडीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
30 सितंबर तक दर्ज कराए जा सकेंगे दावे-आपत्तियां
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। 1 जुलाई को अर्हता तिथि मानकर यह अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को उपमंडल कार्यालय सिरसा में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई।
सिरसा विधानसभा क्षेत्र-45 के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें बहुजन समाज पार्टी से प्रेम राठी, आम आदमी पार्टी से विजय कुमार, इंडियन नेशनल लोकदल से ओमप्रकाश और भारतीय जनता पार्टी से तरुण गुलाटी मौजूद थे।
चुनाव कार्यालय से लवनीश कुमार, संजीव कुमार और निर्वाचन कानूनगो रीना भी शामिल हुए। राजेंद्र कुमार ने प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रक्रिया और तिथियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों से सहयोग करने तथा पात्र नागरिकों को नाम जांचने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।
दावे, आपत्तियां और पंजीकरण प्रक्रिया
26 और 27 सितंबर को विशेष अभियान चलेगा, जिसमें बूथ लेवल अधिकारी मतदान केंद्रों पर मिलेंगे। नागरिक अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में नाम जांच सकते हैं। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है, जिनका निस्तारण 28 अक्तूबर तक होगा। नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6, विवरण संशोधन के लिए फॉर्म-8 और नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का प्रावधान है। नागरिक निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन भी नाम जांच सकते हैं।