- ग्रामीण बोले : ज्यादा गहरे पाइप डालने से पानी की निकासी होगी बाधित
फोटो-27
संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। गांव पन्नीवाला मोटा में सिरसा से संगरिया जाने वाली निर्माणाधीन सड़क के नीचे से होकर गुजरने वाली पुलिया को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के खिलाफ रोष जताते हुए समाधान की मांग की है। लोगों का कहना था कि विभाग जिस तरीके से पुलिया की जगह बड़े पाइप डाल रहा है उससे पानी की निकासी बाधित होगी।
मौके पर मौजूद ग्रामीण विजय कस्वां, गोरीशंकर, आत्माराम, गिरधारी लाल, इन्द्रपाल कस्वां, सुनील कुमार व धीरा राम डूडी आदि ने बताया कि पीडबल्यूडी बीएंडआर की ओर से गांव पन्नीवाला मोटा से घुकांवाली तक सड़क का पुनर्निमाण किया जा रहा है। इस सड़क पर विभाग ने काफी समय से पत्थर डालकर छोड़ रखा है।
ग्रामीणों ने बताया कि मम्मड़ ब्रांच से 96665 मोघा नंबर से सिंचाई के लिए निकले वाला खाल उनके गांव में सिरसा-संगरिया सड़क के नीचे से होकर गुजरता है। विभाग की ओर से सड़क के नीचे से पानी गुजारने के लिए पुलिया बनाने के बजाय बड़े पाइप डालने की योजना बनाई गई है। इतना ही नहीं, दो जगहों पर पाइप डाल दिए गए हैं।
ग्रामीणों ने ओढ़ां से पन्नीवाला मोटा रोड के निकट पुलिया पर एकत्र होकर विभाग के खिलाफ रोष जताया। ग्रामीणों का कहना था कि इस खाल पर यहां पहले से ही पुलिया बनी हुई जोकि क्षतिग्रस्त है। विभाग उक्त पुलिया की जगह गहरे बड़े पाइप डालता है तो यहां पर पानी की निकासी बाधित होगी। इसके बजाय विभाग पुरानी तर्ज पर पुलिया बना दे ताकि किसानों को सिंचाई में कोई समस्या न आए।
ग्रामीणों का रोष देखकर ठेकेदार ने पुलिया की जगह पर सड़क का हिस्सा छोड़ दिया। ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने इस समस्या के लिए विभाग के एसडीओ योगराज सिंह को फोन पर अवगत करवाया था लेकिन उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यह उनका कार्य नहीं है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर विभाग व ठेकेदार ने उनकी समस्या का समाधान नहीं किया तो वे सड़क पर धरना लगा देंगे।