चोपटा के गांव मलेक्कां में धरनारत लोगों से बातचीत करते युवा कांग्रेसी नेता सुमित बैनीवाल और एसड
चोपटा। गांव मल्लेकां में स्टोर की गई पराली में आग लगने की घटना के बाद जारी ग्रामीणों और बेलर संचालकों का धरना मंगलवार को समाप्त हो गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने इनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
गांव मल्लेकां में गांठ बनाकर स्टोर की गई पराली में अचानक आग लग गई थी। आग की सूचना मिलने पर आस पास के ग्रामीण एकत्रित हुए और आग बुझाने का प्रयास किया। दमकल की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान आक्रोशित बेलर संचालक व ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया। मंगलवार को युवा कांग्रेसी नेता व विधायक भरत सिंह बैनीवाल के पुत्र सुमित बैनीवाल, एसडीएम राजेंद्र सिंह, डीएसपी व अन्य प्रशासनिक कर्मचारी अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की। लोगों ने बीमा क्लेम, अनुदान, मुआवजा सहित कई प्रकार की मांगे प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रखीं। इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
नाथूसरी चोपटा में पराली जलाने पर किसान पर केस दर्ज
सिरसा। गांव केरावाली के किसान रमेश कुमार पुत्र शेर सिंह के खिलाफ पुलिस ने पराली जलाने का मामला दर्ज किया है। एसडीओ शीशपाल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एसडीओ ने शिकायत में कहा कि गांव केरावाली में एक लोकेशन आगजनी की प्राप्त हुई थी। जब टीम ने मौके पर जाकर देखा तो रमेश कुमार पुत्र शेर सिंह के खेत में पराली जलाने के अवशेष मिले। एक एकड़ में पराली जलाई गई थी। जांच के बाद पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई।
डबवाली में किसान पर पराली जलाने का मामला दर्ज
सिरसा। डबवाली के गांव दीवान खेड़ा में पराली जलाने पर एक किसान के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एसडीओ अनिल कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। अनिल कुमार ने शिकायत में बताया कि विभाग को हरसेक से पराली जलाने की लोकेशन प्राप्त हुई थी। जब लोकेशन पर गांव दीवान खेड़ा पहुंचे तो 7 मरला में पराली जलाने के अवशेष मिले। पटवारी ने जांच की तो भूमि बोहड़ सिंह पुत्र आत्मा सिंह के नाम पर थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर किसान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।