संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा/रानियां। रानियां क्षेत्र के गांव बणी में शनिवार देर रात मामा ने शराब के नशे में भांजे ओमी की हत्या कर दी। वारदात में मामा के साथ आए बहनोई ने भी साथ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मामा मौके से फरार हो गया, जबकि उसके बहनोई को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना मिलने पर करीवाला चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौके का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने मृतक युवक के पिता जंगीर सिंह के बयानों पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। गांव बणी निवासी ओमी (22) शराब पीने का आदी था। शनिवार को उसके घर हनुमानगढ़ के माेहनगढ़ गांव निवासी उसका मामा गुरदेव सिंह तथा बीकानेर से मामा का बहनोई लब्बू आए हुए थे। देर रात तक तीनों ने साथ में बैठकर शराब पी। इसी दौरान गुरदेव ने ओमी से कहा कि वह उसकी मां यानी अपनी बहन को लेने के लिए आया है। इसी बात पर दोनों की बहस हो गई। इसके बाद विवाद बढ़ गया। परिजनों के अनुसार लब्बू ने ओमी को पकड़ लिया और गुरदेव ने लात-घूसों से पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान ओमी की मौत हो गई। घटना के बाद दाेनों आरोपियों ने मौके से फरार होने की कोशिश की। आसपड़ोस के लोगों ने लब्बू को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।