सिरसा। नगर परिषद प्रशासन ने दो सप्ताह पहले ड्राॅ के माध्यम से गोद दिए पार्कों को रद्द कर दिया है और दोबारा आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। अब नई गाइडलाइन के तहत एक संस्था को अधिकतम 5 पार्क ही दिए जाएंगे ताकि भविष्य में विवाद की स्थिति न बने। 27 फरवरी को हुए ड्राॅ में 69 पार्कों में से केवल 55 पार्क ही गोद दिए गए थे।
तीन संस्थाओं को उनके बेहतर काम को देखते हुए एफ ब्लॉक और आसपास के पार्क मिल गए थे, लेकिन जिला नगर आयुक्त के हस्ताक्षर न होने के कारण सूची जारी नहीं हुई। पहले के ड्राॅ में 15 रेजीडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के आवेदन दस्तावेजों की कमी के चलते रद्द कर दिए गए थे। इसके अलावा, जिन संस्थाओं को नवंबर में पार्षदों की स्वीकृति से दूसरे वार्डों के पार्क मिले थे, उनके खिलाफ भी जल्द ही लीगल कार्रवाई की संभावना है।
-
14 मार्च से शुरू होगी आवेदन की प्रक्रिया
नगर परिषद के अधिकार क्षेत्र में आने वाले पार्क को रखरखाव के लिए सामाजिक संस्थाओं, आरडब्लयूए, एनजीओ व ट्रस्ट को दिया जाएगा। संस्थाओं को पार्कों को गोद देने को लेकर 20 मार्च को ड्राॅ निकाला जाएगा। मौजूदा समय में संस्थाएं 14 मार्च से लेकर 17 मार्च शाम चार बजे तक अपने आवेदन नगर परिषद कार्यालय में कर सकती है।
-
आवेदन प्रक्रिया और शर्तें
14 से 17 मार्च तक सामाजिक संस्थाएं, आरडब्ल्यूए, एनजीओ और ट्रस्ट अपने आवेदन नगर परिषद कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
जिन संस्थाओं को पहले पार्क अलॉट किए गए हैं या जिनका कार्य आदेश वर्ष 2026-27 तक बढ़ाया जा चुका है, उन्हें इस बार शामिल नहीं किया जाएगा।
पहले से पार्कों का रखरखाव करने वाली संस्थाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
एक संस्था को 5 से अधिक पार्क नहीं दिए जाएंगे।
ड्राॅ के माध्यम से 5 से अधिक पार्क निकलने पर शेष पार्क अगले ड्रॉ में शामिल होंगे।
पार्कों को गोद देने की प्रक्रिया दोबारा की जाएगी। इसको लेकर विज्ञापन जारी किया गया है। पूरी पारदर्शिता के साथ पार्क गोद दिए जाएंगे। - वीर शांति स्वरूप, चेयरमैन, नगर परिषद सिरसा।