चोपटा में बिना लाइसेंस बीज बेचने के मामले में कार्रवाई करती पुलिस।
- फोटो : 1
सिरसा। जिले के चोपटा क्षेत्र में शुक्रवार को बिना लाइसेंस और बिना स्वीकृति के बीटी 5 के नाम पर कॉटन का बीज बेच रहे एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। यह कार्रवाई कृषि विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर की गई है। क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर डाॅ. अमित कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि चोपटा क्षेत्र में फतेहाबाद के कुम्हारिया निवासी मुकेश कुमार बीटी 5 का दावा कर कॉटन का बीज बेच रहा है।
इसी आधार पर वह टीम के साथ मौके पर छापा मारा। इस दौरान मुकेश कुमार को बीज बेचते हुए काबू किया गया। जब मुकेश से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह गुजरात से बीज लेकर आया था। वह चोपटा क्षेत्र में 35 पैकेट लेकर आया था और उसने कुछ बीज अलग-अलग किसानों को बेचा है।
मुकेश के पास बैग की जांच की तो उसमें से 14 पैकेट कॉटन का बीज बरामद हुआ। यह गुरु 1161, 505 की पैकिंग में था। जब पैकिंग की जांच की गई तो उस पर कोई अधिकारिक कंपनी का मार्का नहीं था। जब मुकेश से कंपनी संबंधी दस्तावेज या लाइसेंस मांगा गया तो वह कुछ भी पेश नहीं कर पाया।