संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। जिला फूड सेफ्टी विभाग की टीम शनिवार को शहर की दो दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। इन नमूनों को सील करके जांच के लिए चंडीगढ़ भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. आजाद सिंह ने बताया कि विभाग की टीम ने शहर में गोपाल स्वीट्स से लड्डू और बूंदी का सैंपल लिया। इसके अलावा टीम ने पुरानी मंडी में एक दूध डेयरी से घी, पनीर और दूध के सैंपल लिए। कार्रवाई की सूचना मिलने पर किराना, दूध डेयरी, मिठाई के ज्यादातर दुकानदार दुकानें बंद करके घर चले गए।
बॉक्स
मिलावट कर दुकानदार लोगों की सेहत से कर रहे खिलवाड़
शहर में अकेले मिठाई विक्रेता ही नहीं बल्कि सरसों के तेल, चाय पत्ती, शक्कर, घी अनेक खाने पीने की वस्तुओं में गंदगी व मिलावट करके कुछ दुकानदार लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हैं। कुछ दुकानदार मिठाई को डिब्बे सहित कम तोलकर ग्राहकों को चूना लगाते हैं।
मिठाई बिकने के बाद आती है सैंपल की रिपोर्ट
जिला खाद्य विभाग के अधिकारी अपने स्तर पर त्योहार से पहले ही मुस्तैदी दिखाते हुए नजर आते हैं। हर साल दिवाली से 10 से 15 दिन पहले बड़े स्तर पर मिठाई व अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की जाती है। जांच के सैंपल भर मुख्यालय भेज दिए जाते है और उसकी रिपोर्ट दिवाली जाने के बाद आती है। अगर सैंपल फैल भी है, तो दुकानदार पैसा काम चुका होता है। ऐसे में उसे जुर्माना भरने में कोई दिक्कत नहीं होती है।