संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। बीमा पॉलिसी के नाम पर मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर एक महिला से 65 लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हिमांशु निवासी बाबा कॉलोनी, दिल्ली और राजन कुमार छतरपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सिरसा अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि महिला के साथ हुई 65 लाख रुपये की ठगी के मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन प्रभारी इंस्पेक्टर जसवीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित की गई पुलिस टीम ने मुख्य आरोपियों के तीन सहयोगियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने बताया कि 27 सितंबर 2023 को बांसल काॅलोनी सीमा रानी ने शिकायत देकर बताया था कि ठगों के एक नेटवर्क ने उसे बीमा पॉलिसी में मोटा मुनाफा देने के नाम पर 65 लाख रुपये ठग लिए हैं।