सिरसा के रोड़ी क्षेत्र के गांव बुर्ज कर्मगढ़ में खेत में मक्की काटने के दौरान करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया। रोड़ी निवासी 19 वर्षीय दविंदर सिंह और 19 वर्षीय दलजीत सिंह दोस्त थे और अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे।
जानकारी के अनुसार दविंदर सिंह और दलजीत सिंह गांव बुर्ज कर्मगढ़ में मक्की का अचार बनाने के लिए मक्के की फसल काटने का काम कर रहे थे। मक्की काटने के बाद जब दोनों ट्रॉली पर चढ़े तो ट्रॉली के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गए। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आते ही दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के बाद गांव में शोक छा गया। दोनों युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों के परिजनों ने बिजली निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन काफी नीचे है, जिससे पहले भी हादसे की आशंका बनी रहती थी।
कई बार लाइन की ऊंचाई बढ़ाने और हटाने की मांग की गई, लेकिन निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने बिजली निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।