सिरसा। जिले में कोरोना संक्रमण के कारण शनिवार को दो मौत हो गईं। एक मरीज जेजे कालोनी का है और दूसरा मटदादू गांव का। मटदादू गांव का मरीज अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल था, उसके शव को सुबह लाया जाएगा। मृतक पुलिस विभाग में कार्यरत था और उसकी तैनाती हिसार की बालसमंद चौकी में थी। वहीं जेजे कालेेनी के 42 वर्षीय कोरोना संक्रमित की मौत को लेकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। परिजनों के अनुसार व्यक्ति की मौत कोरोना के कारण नहीं बीमारी के कारण हुई है। शव लेकर जाने के लिए जेजे कॉलोनी के लोग एकत्रित हो गए।
जानकारी पाकर डीएसपी आर्यन चौधरी, एसडीएम जयवीर यादव और सिटी एसएचओ सुखबीर सिंह पहुंचे। इसके बाद पोस्टमार्टम करवाया गया, लेकिन शाम को शिवपुरी जाने पर फिर से परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों का कहना है कि वे मरीज का चेहरा देखेंगे। लेकिन प्रशासन ने इस बात से इनकार कर दिया। अंत में प्रशासन ने सख्ती करते हुए लोगों को दूर हटाया दिया और कोरोना संक्रमित का दाह संस्कार किया।
शनिवार को जिले में चार और संक्रमित आए हैं, जिससे कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 400 हो गई है, जबकि दो की मौत हो गई। जिले में अब तक कुल चार लोगों की मौत हो गई। शहर के जेजे कॉलोनी का रहने वाला 42 वर्षीय व्यक्ति बीते सात दिनों से बीमार चल रहा था, जिस कारण परिजनों ने उसका निजी अस्पताल में इलाज करवाया, जहां उसे पांच दिन की दवाई देकर घर भेज दिया। परिजनों ने अनुसार निजी अस्पताल में जांच से पहले कोरोना की जांच भी की गई, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आई। शनिवार को व्यक्ति की हालत बिगड़ गई और उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। कुछ समय बाद चिकित्सक ने परिजनों को कहा कि उक्त व्यक्ति की मौत हो चुकी है। वहीं चिकित्सक ने परिजनों को बताया कि व्यक्ति को चोट के भी निशान हैं, जिस पर वह पोस्टमार्टम करवा लें। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई शुरू करवा दी। मरीज की मौत सुबह दस बजे हुई थी। शाम के समय चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि उक्त व्यक्ति की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हुई है, जिससे उन्हें शव नहीं मिलेगा। परिजन अजय ने बताया कि सुबह यह नहीं बताया गया कि मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिस कारण उसकी मौत हुई है। जबकि दो दिन पहले की रिपोर्ट में वह निगेटिव पाया गया था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों ने परिजनों को कहा कि शव उन्हें नहीं दिया जाएगा और इसका अंतिम संस्कार भी प्रशासन द्वारा किया जाएगा। इस बात को लेकर परिजन भड़क गए और शाम होते-होते पूरी जेजे कॉलोनी की महिलाएं और पुरुष सिविल अस्पताल में आ गए और पुलिस कर्मचारियों व चिकित्सकों से गहमागहमी हो गई। जेजे कॉलोनी चौकी इंचार्ज बलवान सिंह ने एसएचओ सिटी सुखबीर सिंह को सूचना दी और मौके पर बुलाया। सिविल अस्पताल में जुटी भीड़ को देखकर डीएसपी आर्यन चौधरी और एसडीएम जयवीर यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी मानने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस कार्रवाई के बाद चिकित्सक ने शव का पोस्टमार्टम कर करीब शाम छह बजे शव प्रशासन को सौंप दिया। पुलिस की निगरानी में शव को अस्पताल से बाहर शिवपुरी की ओर ले जाया गया।
शिवपुरी पहुंचने पर डेढ़ घंटे तक चला ड्रामा, अंत में पुलिस ने परिजनों को दूर हटाकर किया दाह संस्कार
शिवपुरी शव पहुंचा तो परिजन बोले कि वे दाह संस्कार सामान्य जगह पर करेंगे, लेकिन शिवपुरी के पुजारी ने मना कर दिया। उन्होंने मैनेजर को सूचना दी। मैनेजर ने भी सामान्य जगह पर शव का दाह संस्कार करने से मना कर दिया। प्रशासन ने कहा कि कोरोना संक्रमण के लिए अलग से दाह संस्कार के लिए जगह बनाई गई है, इसलिए मरीज का संस्कार वहां पर होगा, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद प्रशासन 12 नंबर पर जगह पर मरीज का दाह संस्कार करवाने के लिए राजी हो गया। तब परिजनों ने कहा कि वे अपनी लकड़ी लेकर आएंगे। साथ ही सूर्यास्त हो गया है, उनके धर्म के रीति रिवाज अनुसार सूर्यास्त होने के बाद दाह संस्कार नहीं किया जाता। तब इस बात पर पेंच फंस गया। फिर परिजन बोले कि मरीज का चेहरा देखेंगे, लेकिन प्रशासन ने इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती करके सभी को शव से दूर कर दिया और नगर परिषद की टीम ने उसका दाह संस्कार किया। शाम करीब साढ़े सात बजे शव का दाह संस्कार किया गया।
जिले में मिले चार और कोरोना संक्रमित
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 400 हो गई है। शनिवार को चार कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिनमें दो कालांवाली, एक बी ब्लॉक और एक जेजे कॉलोनी का रहने वाला है। वहीं जिले के चार संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। जिले में ठीक होने वालों की संख्या 247 हो गई है। वहीं जिले में अभी तक 150 मरीजों मरीज एक्टिव हैं।
कॉट्स
कोरोना संक्रमित दो मरीजों की मौत हुई है। वहीं चार कोरोना संक्रमित मरीज आएं हैं और चार स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। सामाजिक दूरी के साथ कोरोना संक्रमण से बचा जा सकता है।
--डॉ. सुरेंद्र नैन, सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग सिरसा।