पुलिस टीम द्वारा पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल टीम ने मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को करीब 26 लाख रुपये कीमत की 260 ग्राम हेरोइन व 66 हजार 500 रुपये की नकदी सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रविंदर सिंह उर्फ रवि निवासी तलवाड़ा झील, राजस्थान व कृष्ण उर्फ रोड़ा निवासी ऐलनाबाद के रूप में हुई है। आरोपियों की ओर से ऐलनाबाद क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई की जानी थी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर दाताराम के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गश्त के दौरान ऐलनाबाद से बेहरवाला खुर्द नहर पुल के पास मौजूद थी। इसी दौरान राजस्थान की तरह से आ रहे मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने सामने पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने दोनों को काबू कर तलाशी ली तो उनके कब्जे से 260 ग्राम हेरोइन व 66 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद हुई। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि हेरोइन राजस्थान से लाई गई थी और ऐलनाबाद व उसके आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई की जानी थी। पकड़े गए दोनों व्यक्तियों के खिलाफ ऐलनाबाद थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई है।