सिरसा। पुलिस ने बीमा पॉलिसी के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी करने आरोपी नितिन निवासी उत्तम नगर दिल्ली व अनिकेत उर्फ अन्नू निवासी सेक्टर-3, द्वारकापुरी दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
जांच अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि सिरसा निवासी नवजिंदर सिंह ने शिकायत में बताया था कि उसने पीएनबी मेटलाइफ की बीमा पॉलिसी करवाई थी। 14 जून 2025 को उसे अज्ञात नंबरों से फोन आया। काॅल करने वाले ने कहा कि बीमा पॉलिसी ड्यू हो चुकी है और यदि वह तत्काल भुगतान नहीं करते तो पॉलिसी बंद कर दी जाएगी। फोन करने वाले व्यक्तियों के बहकावे में आकर उसने 16 जून को दो लाख दो हजार 250 रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद उसे साइबर ठगी का पता चला। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए वीरवार को दिल्ली से आरोपी नितिन व अनिकेत को गिरफ्तार कर ठगी की राशि बरामद कर ली है। शुक्रवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। संवाद