पुलिस की हिरासत में दोनों आरोपी।
सिरसा। रेलवे विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर साढ़े छह लाख की ठगी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोनू निवासी गांव बड़वाला व जयबीर नागर निवासी पन्नीवाला मोटा जिला सिरसा का रहने वाला है। सिविल लाइन थाना पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, ट्रेनिंग लेटर व पहचान पत्र बनाकर भोले-भाले युवाओं को अपने जाल में फंसा रहे थे।
थाना प्रभारी राधे श्याम ने बताया कि चतरगढ़पट्टी निवासी अंकुश ने 15 मार्च 2024 को थाने में शिकायत दी थी कि आरोपी जयबीर नागर, राजकुमार, कार्तिक, हर्ष, निशांत व निधि ने उसे रेलवे विभाग में ग्रुप सी की नौकरी दिलाने का वादा किया। इसकी एजव में उक्त लोगों ने उससे 6 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने उसे नौकरी का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बनाकर दे दिया। पड़ताल में सच्चाई सामने आने के बाद उसने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे तो उन्होंने देने से इंकार कर दिया।
थाना प्रभारी राधे श्याम ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राजकुमार निवासी घुकावाली रोड पन्नीवाला मोटा जिला सिरसा को 30 मार्च 2024 को गिरफ्तार किया था। वीरवार को पुलिस ने आरोपी जयबीर नागर व सोनू को भी काबू कर लिया। आरोपी सोनू के कब्जे से पांच हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। उसने पूछताछ में अन्य साथियों का नाम व पता बताया है। पुलिस इन लोगों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। दोनों आरोपियों को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।