रानियां में प्रदर्शन करते दुकानदार।
रानियां। जीवन नगर रोड पर गोशाला के समीप बाबा विश्वकर्मा वेल्डिंग वर्क्स के दुकानदारों ने बिजली कटौती से परेशान होकर लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध नारेबाजी व प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने कहा कि अगर बिजली विभाग ने समस्या का हल न किया तो वे 25 मई को लोकसभा चुनाव में मत नहीं डालेंगे और आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शनकारी मलकीत सिंह थिंद, सेवा सिंह, भूप सिंह मिस्त्री, ईश कुमार,बलजीत सिंह, बलदेव सिंह, गोपाल खालसा, गिनी, मुख्तयार सिंह, बलदेव सिंह, प्रवीण कुमार सहित दुकानदारों ने बताया कि हिम्मतपुरा फीडर पर पिछले 25 दिनों से बिजली कटौती हो रही है। दुकानदारों ने बताया कि बिजली सुबह 10:00 बजे चली जाती है और शाम को तकरीबन दो से तीन बजे बिजली आती है। तब तक दुकानदारों का आधा दिन बीत जाता है और कई बार तो शाम को लाइट आती है। उन्होंने कहा कि पूरे दिन में सिर्फ 6 से 7 घंटे बिजली काम करने के लिए मिलती है। इससे काफी दिक्कत होती है। पूछने पर फोन पर बिजली विभाग के कर्मचारी बताते हैं कि बिजली की लाइन का काम चल रहा है। बिजली के खंभों की तारें बदली जा रही हैं। इसलिए बिजली काटी जाती है।
दुकानदार भूप सिंह मिस्त्री ने बताया कि जब लाइन खंभों पर बिछाई जाती है, तब बिजली काटनी चाहिए। जिससे दुकानदारों को कम परेशानी का सामना करना पड़े। बिजली विभाग की मनमानी से दुकानदारों का कामकाज ठप हो गया है। दुकानदारों ने मांग की है कि बिजली विभाग इस समस्या का तुरंत समाधान करे। दुकानदारों ने कहा कि अगर बिजली विभाग ने बिजली की समस्या का हल न किया गया तो वह 25 मई को चुनाव में मत नहीं डालेंगे और आंदोलन करेंगे।