सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा को वीसी प्रो. अजमेर सिंह मलिक ने झंडी दिखाकर रवाना किया। एनएसएस इकाई के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर प्रो. आरती गौड़ की ओर से आयोजित कार्यक्रम के तहत प्रशासनिक भवन लाल बहादुर शास्त्री से तिरंगा यात्रा निकली गई।
इस दौरान कुलपति प्रो. अजमेर सिंह मलिक ने उपस्तिथजनों को तिरंगे के महत्व से अवगत करवाया और साथ में भारत के आजादी के 75 स्वर्णिम वर्षों का भी वर्णन किया। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त के बाद इन तिरंगों के सम्मान को यूं ही बरकरार रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी बनती है। इनका कहीं भी दुरुपयोग या बेकद्री ना हो इसके लिए भी लोगों में जागरूकता फैलाई ताकि 15 अगस्त के उपरांत किसी भी क्षेत्र में तिरंगे का सम्मान कम ना हो तथा देश की आन, बान और शान तिरंगा सदैव सम्मान से लहराता रहे।
कुलपति प्रो. मलिक ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को तिरंगा फहराने के लिए जागरूक करना है । उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज व राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों और एस एस वालंटियर्स से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस तिरंगा यात्रा के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजेश बांसल, एनएसएस कोऑर्डिनेटर प्रोफेसर आरती गौड़, प्रो. सुरेश गहलावत, प्रो. राजकुमार सलार, प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. सुरेंद्र, प्रो. असीम मिगलानी, एसई सतीश विज, एक्सएन सुरेंद्र नुहियां, राकेश गोदारा सहित गैर शिक्षक अधिकारी, कर्मचारी व एन एस एस वालंटियर्स सहित 100 से ज्यादा लोग शामिल थे।
गोबिंद कांडा ने इंद्रोश लक्ष्या गुज्जर, पूर्व पार्षद सुनील और रोहताश को सौंपे एक-एक हजार झंडे और डंडे
सिरसा के विधायक एवं हलोपा सुप्रीमो गोपाल कांडा के अनुज वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने हलोपा नेता इंद्रोश लक्ष्या गुज्जर, पूर्व पार्षद सुनील और पूर्व पार्षद रोहताश वर्मा को हर घर तिरंगा अभियान को लेकर एक-एक हजार तिरंगे झंडे और डंडे सौंपे। गोबिंद कांडा ने श्री बाबा तारा जी कुटिया परिसर में हाथी गेट के सामने हलोपा नेता इंद्रोश लक्ष्या गुज्जर, पूर्व पार्षद सुनील और पूर्व पार्षद रोहताश वर्मा को हर घर तिरंगा अभियान को लेकर एक-एक हजार तिरंगे झंडे और डंडे सौंपे। जिन्हें अपने अपने वार्ड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गोबिंद कांडा ने बताया कि विधायक गोपाल कांडा ने इस अभियान की शुरूआत 26 जुलाई को कुटिया परिसर में तिरंगा लहरा कर और वितरण करके की थी। डीसी और एसपी कार्यालय को दस-दस हजार झंडे और डंडे सौंपे जा चुके हैं।
राजकीय महाविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली रैली
चौधरी मनीराम झोरड़ राजकीय महाविद्यालय मीठी सुरेरा में प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा की अध्यक्षता और राजेश सिंहमार के संयोजन में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत महाविद्यालय प्रांगण में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत एक रैली का आयोजन किया गया। इसे प्राचार्य ने हरी झंडी देकर के रवाना किया।
कार्यक्रम में स्टाफ सचिव डा. अमनप्रीत कौर तथा कुलजीत कौर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जनसंपर्क अधिकारी डॉ. जोगिंद्र सिंह ने बताया की कल महाविद्यालय में मेंहदी तथा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा तथा 13 से 15 अगस्त तक लगातार हर-घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा जिसमें सभी विद्यार्थियों तथा स्टाफ सदस्यों को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मंच संचालन राजेश सिंहमार ने किया। इस मौके पर मदन गोपाल भाकर, डॉ. अमरजीत सिहाग, डॉ. अमनप्रीत कौर, कुलजीत कौर, सुरेश कुमारी, डॉ. जोगिंद्र सिंह, परवीन अग्रवाल, राजेश सिंहमार, अशोक कुमार, राजवीर, डॉ. कविता चौधरी, सुभाष, वेद सिंह, हरदेव सिंह, रमेश कुमार, गैर शैक्षणिक स्टाफ तथा विद्यार्थियों ने भारी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
गांव लुदेसर में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने तिरंगा फहराने के लिए किया प्रेरित
हर घर तिरंगा घर-घर तिरंगा अभियान के तहत चौपटा क्षेत्र में 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करने में हर वर्ग के लोग जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में फौजियों के गांव लुदेसर में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने तिरंगा झंडे बांटकर स्कूली बच्चों व लोगों को प्रेरित किया। सीएचओ डॉ. किरण व एएनएम सुखदेवी बैनीवाल ने राजकीय विद्यालय में स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक पर तिरंगा फहराया। सुखदेवी बैनीवाल ने कहा कि हमें हर कीमत पर तिरंगे का मान सम्मान बरकरार रखना चाहिए और हर घर तिरंगा घर-घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए सभी को तिरंगा सबसे ऊपर लगाना चाहिए। और तिरंगे को हमेशा संभाल कर रखना चाहिए। इस मौके पर आशा वर्कर नीलम, कृष्णा, पूनमचंद सहित कई स्कूली बच्चे व ग्रामीण मौजूद रहे।
गांव जोधकां में निकाली तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा का दिया संदेश
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान के तहत गांव जोधकां में स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई और ग्रामीणों में तिरंगे वितरित भी किए गए। स्कूल से पूरे गांव में यात्रा निकाली गई जिससे पूरा गांव देश भक्ति के रंग में रंगा। उपस्थितजनों ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान है। 15 अगस्त तक जब हर घर की छत पर तिरंगा लगेगा तो यकीनन वो यादगार पल होगा। तिरंगा हमारे घर की छत पर लगाना हमारे लिए शान का प्रतीक है। इस मौके पर स्कूल के प्रिंसिपल व स्टाफ सहित भाजपा के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मुकेश लाखलान, एससी मोर्चा के जिला महामंत्री महेंद्र धिगतानिया, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री विरेंद्र गिरी, गावं के सरपंच रणधीर सिंह, विक्रम गिरी, राजेश कुमार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद थे।
उत्सव की तरह मनाएं आजादी का अमृत महोत्सव: उस्मान कुरैशी
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत रोड़ी बाजार के दुकानदारों को तिरंगे वितरित किए गए। इस मौके पर उस्मान कुरैशी खान ने कहा कि स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में एक राष्ट्र के रूप में ध्वज को अगर सभी अपने-अपने घर लगाएंगे तो न केवल तिरंगा व्यक्तिगत संबंध का प्रतीक बनेगा, बल्कि राष्ट्र-निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि देशवासियों को घरों में तिरंगा लगाकर अपनी खुशी का इजहार जरूर करना चाहिए। आजादी का अमृत महोत्सव उत्सव की तरह मनाएं। उस्मान कुरैशी खान ने भारतीय तिरंगा झंडा सभी को देश की आन व शान की याद दिलाता है तथा हर मेहनतकश भारतीय अपनी रोजी-रोटी की अनिवार्यता के कारण भले ही उसका प्रदर्शन नहीं कर पाता हो, परंतु वह राष्ट्रीय झंडे का हमेशा दिल से जरूर सम्मान करता है। इस मौके पर उस्मान कुरैशी खान, शंकर भोलूसरिया, राकेश गर्ग, सुनील बहल, उमर कुरैशी खान, अभिनव शमी, राजन नागपाल, रिंकु कालड़ा, केशव केसरा, अबू बकर कुरैशी खान सहित अन्य उपस्थित थे।
शहीदों की बदौलत मिली आजादी को संभाल कर रखें युवा: रविंद्र चौहान
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रंधावा में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर तिरंगा या यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें स्कूली छात्रों और गांव के युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। शहीद राजेंद्र सिंह शहीद स्मारक पर देशभक्ति गीतों के साथ पुष्पांजलि अर्पित की गई। प्राचार्य रविंद्र चौहान ने राष्ट्रीय ध्वज के बारे में अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि देश की शान के लिए कुर्बान होने वाले वीर शहीदों को हमेशा याद रखना चाहिए। निफा हरियाणा महासचिव एवं कार्यक्रम प्रभारी दलबीर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की को बधाई दी। शहीद राजेंद्र सिंह के पिता मूलाराम ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और विद्यालय प्रशासन निफा सिरसा मातृभूमि वेल्फेयर सोसाइटी गार्गी फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रुप से मूलाराम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सरपंच रंधावा सुभाष भाटी ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बताया और इस अवसर पर घर-घर तिरंगा भी वितरित करते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास ब्लॉक अधिकारी पूनम कड़वा, नेशनल यूथ अवॉर्डी अनिल ढिडारिया, शुभम भाट, डॉक्टर छज्जू सिंह नंबरदार, मदन फौजी, रामकुमार नंबरदार, डॉ. सज्जन सिंह भाटी, पटवारी अशोक शर्मा, रामकुमार नंबरदार, सोनू माहिच प्रधान, राजेंद्र सिंह सेवा समिति, राज सिंह सांगा डीपी, प्रवक्ता महेंद्र, सतपाल वर्मा, विजय कुमार, लख्मीचंद शास्त्री, मुरारी सिंह उपस्थित थे।
तिरंगा के सम्मान में भाजपा की नगर कार्यकारिणी ने चलाया तिरंगा वितरण अभियान
भाजपा के नगर प्रधान सुनील बहल व नगर कार्यकारिणी ने संयुक्त रूप से ग्लोबल स्पेस, ईरा कॉलोनी, हुडा सेक्टर 20 में तिरंगा वितरण अभियान चलाया। लोगों में तिरंगा वितरित कर आह्वान किया गया कि सभी लोग अपने घरों के ऊपर तिरंगा अवश्य लगाएं। उनके साथ इस अभियान में तिरंगा अभियान में विकास धवन, अमित गाबा, शेखर बीज, डॉ नरेश धमीजा, सनप्रीत सोडी, राज मट्टू, वकील चंद कंबोज, वरुण मदान, प्रमोद जैन, मुकेश मेहता, महेश मेहता, आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सुनील बहल ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान है, इससे गौरवमयी क्षण और क्या होगा, जब हमारे घर की छत पर तिरंगा लहराएगा। 15 अगस्त तक सभी जगह तिरंगे लगेंगे तो पूरे देश-प्रदेश व जिले की तस्वीर बदल जाएगी और हर व्यक्ति सम्मान के साथ तिरंगे को सैल्यूट करेगा। ईरा कॉलोनी से धर्मपाल धवन, ग्लोबल स्पेस से राजेंद्र बंसल उपस्थित रहे।
15 अगस्त को कांग्रेस सिरसा शहर में निकालेगी तिरंगा यात्रा
विधानसभा सिरसा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से 15 अगस्त को शहर में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार शर्मा, नवीन केडिया व आनंद बयानी ने बताया कि आजादी के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में कांग्रेस आलाकमान के दिशा निर्देश अनुसार यह आजादी गौरव यात्रा निकाली जाएगी। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सुबह 10 बजे कांग्रेस भवन से होगा। यात्रा बेगू रोड से होते हुए भगवान परशुराम चौक, शहीद भगत सिंह चौक, नेताजी सुभाष चौक, शहीद जगदेव सिंह चौक, जनता भवन रोड से होते हुए अनाज मंडी स्थित महात्मा गांधी पार्क में संपन्न होगी। तिरंगा यात्रा में जिला भर के कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ भाग लेंगे। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि तिरंगा यात्रा 10 बजे कांग्रेस भवन से शुरू होकर 10.30 बजे भगवान परशुराम चौक, 11 बजे शहीद भगत सिंह चौक, 11.30 बजे नेताजी सुभाष चौक, दोपहर 12 बजे एकता चौक, 12.30 बजे शहीद जगदेव सिंह चौक से होते हुए दोपहर 1.30 बजे अनाज मंडी स्थित गांधी पार्क पहुंचेगी। शहर में विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्रा का जोरदार स्वागत किया जाएगा।
संस्कारशाला की बच्चियां निकालेंगी तिरंगा यात्रा
आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में स्वदेशी से स्वावलंबी भारत न्यास द्वारा भारतवासियों को अपने घरों में तिरंगा फहराने की प्रेरणा देने के लिए शनिवार को शाम साढे़ पांच बजे एक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस तिरंगा यात्रा की अगुवाई न्यास के द्वारा चलाई जा रही संस्कारशाला की बच्चियों द्वारा की जाएगी।
न्यास के प्रवक्ता सतपाल चावला ने बताया कि यह यात्रा स्थानीय सी ब्लॉक आनंद वाटिका से शुरू होकर ब्रह्यकुमारी आश्रम से होते हुए बी ब्लॉक के राजीव पार्क तक निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में नगर की विभिन्न संस्थाएं भी शामिल होंगी। इस बैठक में विरेन्द्र नागपाल, परमिन्द्र, विपुल कम्बोज, कपिश अग्रवाल, गौरव शर्मा, राम सिंह, कमल योगी, डॉ. रोमी और मनोज भारत आदि उपस्थित थे।