सिरसा-रोड़ी। देर रात को आंधी के बाद आई बारिश ने जहां लोगों को राहत दी, वहीं वीरवार को दिनभर भीषण गर्मी का असर बना रहा। रात को आई आंधी के कारण गांव फग्गू में मम्मड़ नहर पर पेड़ आ गिरा, जिससे नहर में दरार आ गई और पानी खेतों में पहुंच गया। जिसे बाद में सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने ठीक किया। आंधी के कारण रात को सिरसा शहर व गांवों में बिजली बाधित रही। वहीं आंधी के कारण कई बिजली के खंभे भी गिर गए।
बता दें कि सिरसा में बुधवार देर रात को मौसम में अचानक बदलाव आया और रात को तेज आंधी आ गई। जिसके कारण गांव फग्गू में वीरवार अलसुबह मम्मड़ नहर में आई दरार से आसपास खेतों में पानी भर गया। ढाणी निवासियों को नहर टूटने का तब पता चला जब उनकी ढाणियों के आसपास पानी ही पानी दिखाई दिया।
जिसके बाद उन्होंने नहरी विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी। उसके बाद गांव में अनाउसमेंट करवाई गई। जिसके बाद भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उधर, नहरी विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और पीछे से पंजाब हेड से पानी बंद करवाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि नहर टूटने से करीब 100 एकड़ में पानी भर गया। जिसमें मूंग, ज्वार, मक्का, नरमा आदि की फसल खड़ी थी। वहीं नहर में पानी बंद होने से वीरवार दिनभर आगे टेल तक किसान अपने खेतों में पानी लगाने के लिए वंचित रह गए। वन विभाग के जिला अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि गांव फग्गू में सफेदे का पेड़ नहर पर जा गिरा, जिससे नहर टूट गई। इसके अलावा अन्य स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर गिरी हैं।
वहीं आंधी के कारण गांव फुलकां व बाजेकां में 5 खंभे गिरने से रात को बिजली बाधित रही। वहीं अन्य क्षेत्रों में बिजली के कई खंभे व पेड़ गिरे हैं। रात को आंधी के बाद शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 4 घंटे तक बिजली बाधित रही। निगम के कर्मचारी लगातार बिजली व्यवस्था को सुचारू करने के लिए काम पर लगे रहे।
-फसलों के लिए अच्छी है बारिश
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, रात को आंधी के बाद हुई बारिश नरमा, ग्वार व मूंग फसल के लिए फायदेमंद रहेगी। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के कारण नरमा की फसल को भारी नुकसान हो रहा था और पौधे जल रहे थे। बारिश से नरमा की फसल को संजीवनी मिली है।
-दो डिग्री तक गिरा तापमान
रात को हुई बारिश के कारण हालांकि तापमान में 2 डिग्री की कमी आई। सिरसा में वीरवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जिले में 0.4 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है।
शहर में ये एरिया रहे प्रभावित
देर रात तेज आंधी के कारण टूटे तार और खंभों के चलते शहर के बरनाला रोड पर दिनभर बिजली प्रभावित रही है। बिजली लाइन टूटने से बरनाला रोड ओर पास लगती कॉलोनी कोर्ट कॉलोनी, बाल भवन, वार्ड 6, राम कॉलोनी, डीसी कॉलोनी, भगत सिंह कॉलोनी, गुरु नानक नगर, कनाल कॉलोनी, डबवाली रोड, हिसार रोड ओर ग्रामीण इलाकों आसपास के इलाकों में बिजली प्रभावित रही। बरनाला रोड पर दुकानदारों ने बताया कि रात 2 बजे के करीब से बिजली नहीं है। जिससे दुकानों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए हैं। इसके अलावा तेज आंधी के कारण एयरफोर्स के पास लगने गांवों में भी कुछ घंटों तक बिजली प्रभावित रही।
गांव रोड़ी में टूटे 4 खंभे
गांव रोड़ी निवासी भोला सिंह, गुरविंद्र सिंह ओर कश्मीर सिंह ने बताया कि देर रात आई तेज आंधी और बारिश से गर्मी से राहत मिली है। इसके साथ फसलों में भी इसका काफी फायदा है। गांव रोड़ी में तेज आंधी के कारण बिजली के 4 खंभे टूटे हैं। जिनसे दिनभर बिजली प्रभावित रही है।