सिरसा। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाज से पूरी तरह से मिटाने के लिए एक सामाजिक आंदोलन चलाने की जरूरत है। इसलिए इस मुहिम में सभी लोगों को बढ़-चढ़ कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। तभी हम इसमें पूरी तरह कामयाब होंगे तथा नशा मुक्त व अपराध मुक्त समाज की स्थापना हो सकेगी।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि बीते पांच माह की अवधि के दौरान जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 132 अभियोग दर्ज कर गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ बरामद कर 201 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान 2 किलो 163 ग्राम हेरोइन, 16 किलो 805 ग्राम अफीम, 2,752 किलो 680 ग्राम चूरापोस्त, 2 किलो 525 ग्राम गांजा तथा करीब 42 हजार 630 नशे की प्रतिबंधित गोलियां बरामद की गई।
उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अपने स्तर पर नशे के खिलाफ जोरदार अभियान चलाए हुए है, परंतु इस मुहिम को शत प्रतिशत कामयाब करने के लिए समाज के सभी लोगों का सहयोग अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस ने जहां नशे के खिलाफ जोरदार अभियान चलाए हुए है, वहीं युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लगातार शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों के माध्यम से उन्हें जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नशे पीड़ित युवाओं को चिन्हित कर उनका स्थानीय प्रशासन के सहयोग से इलाज करवाकर उन्हें फिर से समाज की मुख्यधारा में शामिल किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शीघ्र ही जिला पुलिस की ओर से नशे से प्रभावित क्षेत्रों में आमजन के सहयोग से विशेष अभियान चलाया जाएगा।