सिरसा। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कार्यालय, करनाल की ओर से प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए तीन दिवसीय प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 23 जनवरी से 25 जनवरी तक बाल भवन में लगाया जाएगा।
जिला जनसंपर्क अधिकारी रामनाथ ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है जिससे उन्हें पहचान मिल सके और उनके उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा मिल सके।
मेले में कुम्हार, दर्जी, मोची, पेंटर, सुनार, मालाकार सहित गुड़िया, चटाई, टोकरी और खिलौने बनाने वाले शिल्पकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शनी में भाग लेने वाले लाभार्थियों को निशुल्क स्टॉल उपलब्ध करवाए जाएंगे जहां वे अपने हस्तनिर्मित उत्पाद जैसे मिट्टी के बर्तन, मूर्तियां, जूती, मालाएं और लकड़ी के सामान को प्रदर्शित व विक्रय कर सकेंगे। स्टॉल का आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़ने का प्रशिक्षण भी मिलेगा
प्रदर्शनी के दौरान कारीगरों को आधुनिक बाजार से जोड़ने के लिए मीशो, सुलेखा सहित अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से उत्पादों की बिक्री का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। शहरवासी और आगंतुक इस मेले में पहुंचकर सीधे कारीगरों से उच्च गुणवत्ता वाले हस्तनिर्मित सामान उचित दामों पर खरीद सकेंगे जिससे कारीगरों की आय में वृद्धि होगी।
यह रहेगी आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक लाभार्थी आवेदन फॉर्म व अन्य जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0184-2208100 या 7888752712 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग की आधिकारिक वेबसाइट [www.msmedikarnal.com](http://www.msmedikarnal.com) पर भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।