सिरसा। गांव बप्पा में बाइक सवार युवक को मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इससे युवक सड़क पर जा गिरा और ट्रैक्टर का टायर उसके पैर के ऊपर से निकल गया।
जानकारी के अनुसार गांव रोड़ी निवासी रमेश कुमार पुत्र महेंद्र गांव बप्पा निवासी हितेश कुमार पुत्र रमेश चंद की शटरिंग की दुकान पर काम करता है। रमेश कुमार ने बताया कि 17 मई शाम को वह अपने मालिक हितेश की बाइक पर सवार होकर दुकान पर जा रहा था। इसी दौरान मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर का टायर उसके दायें पैर के ऊपर से निकल गया। इसके बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। घटना का पता चलने पर उसका मालिक हितेश कुमार मौके पर पहुंचा और उसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया।
जांच अधिकारी एएसआई सुखदेव सिंह का कहना है कि ट्रैक्टर चालक की पहचान लाभ सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी गांव वीरूवाला गुढ़ा जिला सिरसा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।