सिरसा। पुलिस कर्मचारी पर हमला करने के आरोप में डिंग थाना पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में ओमप्रकाश पुत्र जगदीश चंद्र निवासी गांव सुचान ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस में नौकरी करता है। 24 मई की शाम को वह अपनी गाड़ी में सवार होकर कुसुंबी से सुचान आ रहा था। सुचान रेलवे फाटक के पास उसकी गाड़ी के आगे रवि निवासी सुचान खड़ा था। फाटक खुलने के बाद उसने रवि को बाइक साइड में करने को कहा तो वह गाली-गलौज करने लगा।
ओमप्रकाश का कहना है कि रवि ने फोन करके राजेश व विजय पुत्र पालाराम को बुला लिया। तीनों उसे गाड़ी से खींचकर बाहर निकालने लगे। ओमप्रकाश का कहना है कि वह डर के मारे भागने लगा तो रवि,राजेश व विजय ने डंडे व तेजधार हथियार से उसपर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे छुड़वाया। इसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। ओमप्रकाश का कहना है कि हमलावर जाते समय उसे धमकी देकर गए हैं कि आज तो बच गया,आईंदा मिला तो जान से मार देंगे।
जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।