सिरसा। गांव बेगू से बाजेकां रोड पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। अस्पताल में उपचार के दौरान घायल शख्स की मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने हादसे के बारे में पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर आकर स्थिति का जायजा लिया और शव को अस्पताल में पहुंचाया।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में छिंदा सिंह निवासी फतेहाबाद ने बताया कि वह तूड़ा भरवाई का काम करता है। 10 नवंबर की शाम को वह अपने भाई रांझाराम के साथ मजदूरी कर गांव बेगू से बाजेकां की ओर पैदल रोड पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने उसके भाई रांझाराम को टक्कर मारी दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की मदद से उसने रांझाराम को अस्पताल में पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अस्पताल में पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।