नुहियांवाली में नरमे की फसल पर हल चलाता किसान। (संवाद)
ओढ़ां । पिछले कुछ दिनों से हो रही बरसात के चलते फसलों में जलभराव होने से फसलों को नुकसान हो रहा है। स्थिति ये है कि पानी की निकासी न होने से नरमे व ग्वार की फसल झुलसकर खत्म हो रही है। गांव नुहियांवाली में कुछ किसानों ने चार एकड़ में खड़ी नरमे व ग्वार की फसल पर ट्रैक्टर चला दिया। उनका कहना था कि लगातार रुक-रुककर हो रही बरसात के चलते फसलों में पानी भरा था और आसपास खेत होने के चलते फसल से पानी निकालने की जगह भी नहीं थी इसलिए उन्हें मजबूरन अपनी फसल पर हल चलाना पड़ा।
किसान जगदीश सहारण व रणवीर सहारण ने बताया कि उनके खेतों की तरफ बारिश अधिक होने के चलते नरमे व ग्वार की फसल में पिछले कई दिनों से पानी खड़ा था। आस-पड़ोस में खेत होने के चलते वे फसल से पानी भी नहीं निकाल सकते थे। उन्होंने बताया कि काफी समय से पानी खड़ा रहने के चलते पौधे गलकर खत्म हो रहे थे। ऊपर से लगभग हर रोज और बरसात हो रही है। ऐसे में उन दोनों को करीब फसल में हल चलाना पड़ा।
किसानों ने बताया कि उन्होंने कुछ अपनी व कुछ भूमि ठेके पर लेकर काश्त की थी। उन्हें उम्मीद थी कि इस बार फसल अच्छी होगी, लेकिन उन्हें खरीफ की फसल में घाटा उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब आगामी फसल का भी समय नहीं है इसलिए उन्हें दोहरा नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि जिन किसानों की जलभराव या बरसात की वजह से फसलें खराब हुई है उनकी स्पेशल गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा दिया जाए।