कालांवाली। शहर में बारिश के बाद सड़कों के धंसने व उखड़ने की समस्या और जलभराव की समस्या पर कालांवाली के एसडीएम मोहित कुमार ने संज्ञान लिया है। एसडीएम उपमंडल स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों की पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। टीम शहर में खस्तहाल सड़कों की मरम्मत और पानी निकासी की व्यवस्था करवाएगी।
बारिश ने नगरपालिका कालांवाली प्रशासन की पोल खोलकर रख दी थी। हाल में ही बनाई गई लाखों रुपयों की सड़कें जगह-जगह से टूट चुकी है। मुख्य सड़कें ही नहीं बल्कि नई बनाई गई गलियों के भी बुरे हालात हैं। कई जगह से गलियां धंस चुकी हैं। जिस पर जनता ने प्रशासन द्वारा बनाई सड़कों की गुणवत्ता पर कई तरह के सवाल उठाकर उच्च स्तरीय जांच की मांग रखी थी। इसके बाद एसडीएम ने पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है।
5 अगस्त को होगी बैठक
पांच सदस्य कमेटी में कालांवाली के लोक निर्माण विभाग के उपमंडल अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग के उपमंडल अभियंता, हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड के उपमंडल अभियंता, नगरपालिका के पालिका अभियंता और लेखाकर को शामिल किया है। इनकी बैठक 5 अगस्त को उपमंडल कार्यालय कालांवाली में दोपहर 12 बजे होगी।