सिरसा। मुख्यमंत्री (सीएम) कप के लिए 14 से 23 आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। इनके लिए खिलाड़ी 27 फरवरी शाम छह बजे तक विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। अगर कहीं इंटरनेट संबंधी समस्या है तो टीम के कप्तान सभी खिलाड़ियों के दस्तावेजों के साथ स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम स्थित जिला खेल अधिकारी कार्यालय से निर्धारित प्रारूप में भरकर आवेदन कर सकते हैं।
जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि खेल विभाग हरियाणा की ओर से 28 फरवरी से नौ मार्च तक खंड, जिला, राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री कप खेलों का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन लड़के और लड़कियाें के छह खेलों कबड्डी, वाॅलीबाल, हैंडबाल, खो-खो, फुटबाल, बास्केटबाल में करवाया जा रहा है।
खंड स्तर पर 28 फरवरी से चार मार्च तक, जिला स्तर पर पांच मार्च को, जोन स्तर पर सात मार्च को, राज्य स्तर पर नौ मार्च को खेलकूद होंगे। प्रतियोगिता में 14 से 23 वर्ष तक के लड़के और लड़कियां भाग लेंगे जिनकी जन्मतिथि एक जनवरी 2001 के बाद की होगी। राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को दो लाख रुपये, डेढ़ लाख रुपये, एक लाख रुपये नकद इनाम दिया जाएगा।