कालांवाली। शहर में बढ़ रहीं चोरी की वारदात को रोकने के लिए डीएसपी क्राइम राजीव कुमार को कमान सौंपने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। इनके साथ नियुक्त किए गए शहर थाना प्रभारी चांद सिंह और चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह लगातार शहर में अपराध व अपराधियों को कम करने के लिए अपने प्रयास बढ़ा रहे हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा गश्त करने के लिए 5 स्पेशल टीमें लगाई गई हैं, वहीं शहर में दिन व रात्रि गश्त में भी इजाफा किया गया है।
पीसीआर, ईवीआर, राइडर के अलावा पुलिस कर्मचारी पैदल भी हर बाजार, गली-मोहल्ले में गश्त कर आमजन को सुरक्षा प्रदान कर रहे है और संदिग्ध लोगों पर अपनी नजर रख रहे है। साथ में आमजन को ठीकरी पहरा शुरू करने या चौकीदार रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसका भी शहर में असर दिखना शुरू हो गया है। शहर के वार्ड नंबर 7 की गली पंडितों वाली के वासियों ने अपने स्तर पर एक चौकीदार नियुक्त कर लिया हैै। जो रात्रि पहरा देकर पुलिस प्रशासन का सहयोग कर रहा है। हालांकि अभी तक पुरानी चोरियों की गुत्थी सुलझ नहीं पाई है।
शहर में पिछले 23 दिन में हो चुकीं 15 से अधिक चोरियां
हरियाणा-पंजाब सीमा पर स्थित कालांवाली शहर में नशे के चलते आपराधिक गतिविधियों में इजाफा हुआ है। पिछले 23 दिनों की बात करें तो शहर कालांवाली में 15 से अधिक चोरी हो चुकी हैं। एक भी वारदात को पुलिस अभी तक सुलझा नहीं पाई है। सरकार व पुलिस प्रशासन डीएसपी, थाना प्रभारी और दो चौकी प्रभारी को बदल चुका है। चोरी की वारदात को सुलझाने के लिए डीएसपी क्राइम ब्रांच, थाना कालांवाली, सीआईए कालांवाली की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। पुलिस टीमें शहर में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों से पूछताछ कर रही है। चोरी में शामिल पाए जाने पर सख्त कार्रवाई कर रही है। साथ में हरियाणा के साथ लगते पंजाब एरिया में भी जाकर अपराधियों के ठिकाने पर छापामारी कर रही है। बावजूद इसके पुलिस के हाथ अभी इन वारदातों को सुलझाने की सफलता हाथ नहीं लगी है।
पुलिस टीमें लगातार अपने काम में जुटी हुई है- प्रभारी
पुलिस टीमें लगातार चोरी की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई हैं। अपराध पर रोकथाम के लिए दिन-रात्रि गश्त को भी बढ़ाया गया है। - सुरेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी, कालांवाली।