सिरसा। बाजेकां रोड पर बस के इंतजार में खड़ी महिला के साथ खड़े उसके तीन साल के बेटे को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। बच्चे को नागरिक अस्पताल में जाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस को दी शिकायत में पानीपत के गांव मतलोडा निवासी मुकेश ने बताया कि 21 फरवरी को वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ गांव बाजेकां रिश्तेदारी में आया हुआ था। शाम को वह पत्नी व बच्चों सहित वापस जाने के लिए बाजेकां मोड़ पर बस का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान फतेहाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसके तीन वर्षीय बेटे यश को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह उछलकर दूर जा गिरा।
टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से भाग गया। आसपास के लोगों की मदद से बच्चे को अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतक के पिता ने पुलिस को गाड़ी का नंबर व अन्य जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।