सिरसा। फर्जी फर्म के माध्यम से राजस्व को लाखों रुपये का चूना लगाने के मामले में एसआईटी ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान विरेंद्र उर्फ डब्बू निवासी नंदन वाटिका, सिरसा के रूप में हुई है। इस मामले के एक अन्य आरोपी ईटीओ अशोक सुखीजा को एसआईटी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में 27 जुलाई 2016 को विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत थाना शहर में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। आरोपियों ने आपराधिक षडयंत्र रचकर शहर के जनता भवन रोड पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे पारस ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्म का गठन किया था। फर्म में करियाणा सामान का कारोबार दिखाकर मिलीभगत कर सरकारी राजस्व को करीब 24 लाख 17 हजार रुपए का चूना लगाया था। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि फर्जी फर्मों के माध्यम से सरकारी राजस्व को चूना लगाने वाले मामलों की एसआईटी टीम गहनता व गंभीरता से जांच कर रही है। जिस किसी की भी इन मामलों में संलिप्तता पाई गई, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।