हरियाणा के सिरसा में नेशनल हाईवे पर स्थित गांव कोटली के मोड़ पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में सवार युवती सहित तीन लोगों की मौत हो गई। शवों को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों की पहचान कार चालक सोनू पुत्र दर्शन निवासी खैरेतीखेड़ा फतेहाबाद, संजना पुत्री यशपाल निवासी एमसी कॉलोनी सिरसा और बलराज निवासी मल्लेकां हाल निवासी सेक्टर 20, सिरसा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय बलराज इंश्योरेंस कंपनी में काम करता था, जबकि सोनू का सिरसा और फतेहाबाद में कोचिंग सेंटर है। 22 वर्षीय संजना भी सोनू के साथ कोचिंग सेंटर में काम करती थी। बलराज और सोनू दोस्त थे। शनिवार को तीनों स्विफ्ट कार में सवार होकर फतेहाबाद में किसी क्लाइंट से मिलने के लिए गए थे। शाम पांच बजे वे सिरसा की तरफ वापस आ रहे थे तो गांव कोटली के पास कार अनियंत्रित होकर रोड से उतर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्पीड अधिक होने के कारण कार अनियंत्रित होकर रोड से उतरी और कई पलटे खाते हुए पेड़ से जा टकराई। राहगीरों ने कार की खिड़की और शीशे तोड़कर तीनों को गंभीर अवस्था में बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल में जांच के लिए पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अब डिंग थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। तीनों के शव नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
बलराज के तीन बच्चे व सोनू की है एक लड़की
मृतक के परिजन गुरी ने बताया कि बलराज विवाहित था। उसकी दो लड़कियां व एक लड़का है। सोनू के परिजन नरेश कुमार ने बताया कि सोनू भी विवाहित था और उसकी एक बेटी है। उसके फतेहाबाद और सिरसा में कोचिंग सेंटर हैं। तीनों के शवों का रविवार को पोस्टमार्टम होगा। इसके बाद पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।