सिरसा। जिला निर्वाचन अधिकारी शांतनु शर्मा ने बताया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जिले में तीन नामांकन पत्र प्राप्त हुए, जिसमें रानियां विधानसभा क्षेत्र के लिए इंडियन नेशनल लोकदल से जैस्मीन संधू ने कवरिंग कैंडिडेट के तौर पर अपना नामांकन पत्र भरा।
इसके अलावा डबवाली से इंडियन नेशनल लोकदल से आदित्य चौटाला, आजाद उम्मीदवार अंकित कुमार और राकेश कुमार ने अपना नामांकन भरा। उम्मीदवार नामांकन पत्र 12 सितंबर तक सुबह 11 से दोपहर बाद 3 बजे तक जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित रिटर्निंग अधिकारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों का नामांकन पत्र प्राप्त कर रहे हैं। इसके लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए है।
उन्होंने बताया कि 45-सिरसा विधानसभा क्षेत्र के नामांकन पत्र स्थानीय लघु सचिवालय स्थित कमरा नंबर 40 में प्राप्त किए जा रहे हैं। इसी प्रकार 44-रानियां विधानसभा क्षेत्र के नामांकन पत्र स्थानीय लघु सचिवालय स्थित कमरा नंबर 32 (प्रथम तल), डबवाली विधानसभा क्षेत्र के नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम कार्यालय डबवाली कमरा नंबर 4, ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम कार्यालय ऐलनाबाद के कोर्ट रूम तथा कालांवाली विधानसभा क्षेत्र के नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम कार्यालय कालांवाली के कमरा नंबर 11 में नामांकन पत्र प्राप्त किए जा रहे हैं।