संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी। गांव रोड़ी स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल में सोमवार को आयोजित तीसरी ग्राम सभा को एक बार फिर कोरम पूरा न होने के कारण रद्द कर दिया गया। लगातार तीन बार ग्राम सभा का निरस्त होना प्रशासन की तैयारियों और ग्रामीण सहभागिता सुनिश्चित करने की क्षमता पर सवाल खड़ा करता है।
नियमानुसार तीसरी ग्राम सभा में गांव के कुल मतदाताओं में कम से कम 20 प्रतिशत लोगों की उपस्थिति अनिवार्य थी। इससे पहले 24 जनवरी को पहली और 31 जनवरी को दूसरी ग्राम सभा में क्रमशः 40 प्रतिशत और 30 प्रतिशत उपस्थिति शर्त थी, लेकिन दोनों बैठकें कोरम पूरा न होने के कारण रद्द हो गई थीं।
हैरानी की बात यह रही कि दूसरी ग्राम सभा के मात्र दो दिन बाद ही तीसरी बैठक आयोजित की गई, जबकि व्यवस्थाओं में कोई सुधार नजर नहीं आया। बैठक के दौरान परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कैंप भी लगाया गया, जिसमें केवल 30 से 40 ग्रामीण पहुंचे। जबकि लगभग 1500 ग्रामीणों की उपस्थिति अनुमानित थी, सभा स्थल पर केवल 150 कुर्सियां और 10 दरियां उपलब्ध थीं, जिससे अव्यवस्था रही।
फैमिली आईडी कैंप में तीन सीपीएलओ उपस्थित थे, लेकिन नागरिक संसाधन सूचना विभाग के जोनल मैनेजर अनुपस्थित रहे। ग्राम सभा में पंचायत सचिव, सरपंच और अन्य सीपीएलओ मौजूद थे, बावजूद इसके ग्रामीणों की नाम मात्र उपस्थिति के कारण कोरम पूरा नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कहा कि बेहतर समय, सूचना और व्यवस्थाओं के साथ सहभागिता बढ़ाई जा सकती है। जानकारी के अनुसार अगली ग्राम सभा शनिवार को आयोजित की जाएगी।