हिसार। शहर में चोर गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। आदर्श नगर और शिवनगर में चोरों ने पांच घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आदर्श नगर में लोगों ने एक चोर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस संबंध में एचटीएम थाना पुलिस में शिकायत दी है।
शिकायत में शिवनगर के रहने वाले सचिन शर्मा ने बताया कि अलसुबह तीन बजे घर में चोरी हो गई। सुबह वारदात का पता चला तो फोन कर डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। सचिन की माने तो चोर घर से 22 हजार की नकदी और सोने-चांदी जेवरात चोरी कर ले गए। इसके अलावा आदर्श नगर में काली देवी मंदिर के पास चोरों ने चार घरों से नकदी और जेवरात चोरी किए। मोहल्ले के लोगों ने बाद में एक चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आदर्श नगर के जयबीर ने पुलिस को शिकायत देकर कहा कि रविवार रात को करीब 2 बजे एक चोर हमारे घर पर घुसा और अलमारी में रखे छह हजार रुपये व सोने की एक अंगूठी चोरी करके भागने लगा। एकदम मेरी आंख खुल गई। चोरी करने वाला शमी निवासी आदर्श नगर सामान चोरी करके भाग गया। उसके साथ मोहल्ले का जितेंद्र व एक अन्य युवक था। तीनों ने मिलकर मेरे घर के अलावा हमारे पड़ोसी मनीराम के घर से एक मोबाइल फोन व पांच हजार रुपये, मोहल्ले के राजू के घर से 5000 रुपये व जेवर तथा मोहल्ले के रवि के घर से 40 हजार रुपये व जेवर चोरी किए। उन्होंने कहा कि मोहल्ले के जितेंद्र ने दिन में दो बजे हमारे घर के आगे से अपने साथी शमी के साथ निकलते हुए मेरी बेटी ईशाना को कहा कि हमने चोरी की थी। तुमने हमारा क्या बिगाड़ लिया। फिर जितेंद्र हमारी गली में आया तो मोहल्ले के लोगों ने उसको पकड़ लिया और भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसको पुलिस के हवाले कर दिया। एचटीएम थाना पुलिस ने इस संबंध में अलग-अलग केस दर्ज किए हैं।