हिसार- एचएयू में पत्रिका का विमोचन करते हुए कुलपति प्रो.बीआर कांबोज व अन्य
- फोटो : Hisar
हिसार। अगर आपके पास कोई बिजनेस करने का नया तरीका या आइडिया है, तो यह आपको 25 लाख रुपये तक की ग्रांट दिला सकता है। सबसे बेहतर आइडिया को चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में नाबार्ड व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के वित्तीय सहयोग से स्थापित एग्री बिजनेस इंक्यूबेशन सेंटर (एबिक) के माध्यम से 5 से 25 लाख रुपये की अनुदान राशि मिलेगी। यह अनुदान राशि एक प्रक्रिया के तहत कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा दी जाएगी। इसके लिए आपको सिर्फ चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय व एबिक की वेबसाइट www.hau.ac.in और www.abichauhisar.com पर 17 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन करना है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति एवं एबिक के अध्यक्ष प्रो. बीआर कांबोज के अनुसार इस सेंटर के माध्यम से युवा, किसान व उद्यमी मार्केटिंग, नेटवर्किंग, लाइसेंसिंग, ट्रेडमार्क व पेटेंट, तकनीकी से संबंधित प्रशिक्षण लेकर कृषि क्षेत्र में अपने स्टार्टअप को नया आयाम दे सकते हैं। इसके लिए ‘पहल’ व ‘सफल’-2022 नाम से दो प्रोग्राम शुरू किए गए हैं, जिसमें ‘पहल’ प्रोग्राम में 5 लाख रुपये जबकि ‘सफल’ प्रोग्राम में 25 लाख रुपये की अनुदान राशि का प्रावधान है। उन्होंने बताया पिछले 3 सालों में 44 स्टार्टअप को केंद्रीय कृषि एवं कृषि कल्याण मंत्रालय द्वारा 5 करोड़ 18 लाख की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। कुलपति ने उक्त कार्यक्रमों से संबंधित विवरण पुस्तिका का विमोचन किया।
आवेदन के बाद आइडिया का इंक्यूबेशन कमेटी व यूनिवर्सिटी की आरआईसी कमेटी द्वारा दो महीने के प्रशिक्षण के लिए चयन किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद दोबारा यही कमेटी आवेदक के आइडिया को प्रस्तुत करवाएगी और चयनित आवेदक के नाम के प्रस्ताव को अनुदान राशि के लिए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के पास भेजा जाएगा।