क्षेत्र के गांव लकड़वाली में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की सुखचैन शाखा में बुधवार रात चोरों ने चोरी की कोशिश की। चोर गैस कटर आदि से लैस होकर पूरी योजना के साथ आए थे।
बैंक के बाहरी दरवाजे के तीन, स्ट्रांग रूम के दो ताले तोड़कर सेफ तक पहुंचने में सफल रहे, लेकिन रात को बड़ागुढ़ा पुलिस के गश्त के दौरान बजाए गए हूटर की आवाज सुनकर भाग गए। चोर जाते-जाते बैंक में रखी एक बंदूक अपने साथ ले गए। बड़ागुढ़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बैंक के सफाई कर्मचारी हरजीत कौर ने बताया कि जैसे ही वीरवार सुबह बैंक के ताले टूटे होने के बारे में पता चला तो उसने शीघ्र बैंक मैनेजर प्रवीण चौधरी को फोन करके बताया, जिस पर बैंक मैनेजर, कैशियर रमेश तुरंत बैंक पहुंचे और अपने उच्च अधिकारियों व बड़ागुढ़ा पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर बैंक के एसडीएम एमपी शर्मा मौके पर पहुंचे और बैंक का मुआयना शुरू किया।
बैंक मैनेजर प्रवीण चौधरी ने बताया कि पहली नजर में देखने पर तो बैंक में कुछ खास नुकसान नहीं लगता है। बैंक में रखी नकदी बिल्कुल सेफ है बैंक में रखी एक बंदूक गायब पाई गई है।
स्ट्रांग रूम की सेफ को गैस कटर से काटने का प्रयास
बुधवार रात को चोर बैंक के मुख्य द्वार पर लगे ताले को तोड़कर बैंक के अंदर घुसे। चोरों ने सर्वप्रथम बैंक में लगे सुरक्षा अलार्म व बैंक में लगे सीसीटीवी के बटन को बंद कर दिया। उसके बाद चोरों ने बैंक के स्ट्रांग रूम का ताला तोड़ा। चोरों ने स्ट्रांग रूम की सेफ को गैस कटर से काटने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हुए।
चोरी की सूचना पाकर बड़ागुढ़ा के एसआई गोपाल दास मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि वह रात को अपनी टीम के साथ नियमित गश्त पर थे और वह बैंक के सामने से भी गुजरे थे, हो सकता है सायरन की आवाज सुनकर चोर डरकर भाग गए हों। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस की गश्त के चलते ही बैंक में चोरी होने से बची हैं। उन्होंने बैंक में में सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की है। बैंक से चोर एक बंदूक अपने साथ ले गए हैं। इस सबंध में उपनिरीक्षक गोपाल राम ने बताया कि बैंक में रखा कैश बिल्कुल सुरक्षित है जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाऐगी।