क्षेत्र में लूटपाट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार रात्रि करीब 12 बजे ऐलनाबाद में फसल बेचकर अपने गांव जा रहे किसान से राजस्थान के सीमावर्ती गांव मसीतांवाली के पास 2.30 लाख रुपये लूट लिए और विरोध करने पर पैर में गोली मारकर घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार बीती बुधवार रात्रि ऐलनाबाद अनाज मंडी से नरमा बेचकर सीमावर्ती जिले हनुमानगढ़ के गांव जाखड़ावाली निवासी राजू नाथ अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर जा रहा था।
ट्रैक्टर राजू नाथ का ड्राइवर चला रहा था। राजू नाथ अपने साथ नरमा बेचकर आढ़ती से लिए दो लाख तीस हजार रुपये भी अपने घर लेकर जा रहा था। तभी गांव मसीतांवाली के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए चार लुटेरों ने राजू नाथ से रुपये से भरा बैग छीन लिया और विरोध करने पर पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। राजू नाथ व उसके ड्राइवर द्वारा शोर मचाए जाने तथा गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिसके बाद घटना की जानकारी निकटवर्ती तलवाड़ा झील पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना पाकर मौके पर तलवाड़ा झील थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने दलबल के साथ स्थिति का जायजा लिया और ऐलनाबाद सीमा की ओर आने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी की। तलवाड़ा झील पुलिस द्वारा दी गई सूचना के बाद ऐलनाबाद पुलिस ने भी तलवाड़ा खुर्द, धौलपालिया व श्योदानपुरा के नजदीक सीमा पर स्थित पुलिस नाके पर चौकसी बढ़ा दी।
ये हो चुकी वारदात
इससे पूर्व लगातार दो दिन नोहर में लुटेरों ने तांडव मचाया, वहीं ऐलनाबाद में मोबाइल विक्रेता से लूट और सिरसा में डाक्टर से उसकी फॉरचूनर गाड़ी लूटने की घटनाएं हो चुकी हैं। क्षेत्र में निरंतर बढ़ रही लूट की वारदात से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस लुटेरों की तलाश में छापेमारी कर रही है, बावजूद इसके लुटेरे हर रोज नई वारदात को अंजाम दे रहे हैं।