सिरसा। खेतरपाल कॉलोनी में सीवरेज लाइन और पेयजल लाइन बिछाए बिना सड़क बनाने का आरोप लगा है। स्थानीय लोगों ने नियमों की अनदेखी बता इस कार्य का विरोध किया। सूचना मिलने पर नगर परिषद के अध्यक्ष अध्यक्ष ने काम रुकवा कर विभागीय अधिकारियों को ठेकेदार का भुगतान रोकने का आदेश दिया है। उस क्षेत्र के पार्षद शनिवार को मौका मुआयना करेंगे। उनकी रिपोर्ट मिलने के बाद अगली प्रक्रिया की जाएगी।
नगर परिषद के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद वीर शांति स्वरूप ने वीरवार को नियमानुसार निर्माण करने की बात कही थी। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को ठेकेदारों के कार्यों की निगरानी के आदेश दिए थे। इसके 24 घंटे में ही सीवरेज और पेयजल लाइन बिछाए बिना सड़क निर्माण करने की शिकायत मिल गई।
खेतरपाल कॉलोनी निवासी रवि, पूनम रानी, बिमला देवी ने बताया कि यह सड़क नियमानुसार नहीं बनाई जा रही है। सड़क में रोड़ा नहीं डाला गया है। बालू मिट्टी डालकर ही सड़क बनाकर खानापूरी की जा रही है। ऐसी सड़क बनाने से कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा कि सड़क बनाने से पहले यहां सीवरेज और पेयजल लाइन बिछाई जानी चाहिए। इसके बिना बाद में दोनों लाइन डलने पर सड़क को दोबारा उखाड़ना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में बरसाती और घरों के पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है। खाली प्लॉटों में पानी छोड़ा जाता है, जिससे आपसी विवाद होता है। इसलिए उन्होंने प्रशासन से सड़क निर्माण करने से पहले सीवरेज और पेयजल लाइन बिछाने की मांग की है।
पिछले साल से ही वैध किया गया खाजाखेड़ा क्षेत्र
नगर परिषद की ओर से खाजाखेड़ा क्षेत्र को पिछले साल ही वैध किया गया है। क्योंकि पहले यह स्वीकृत आवासीय क्षेत्र नहीं था। वैध होने के बाद नगर परिषद के अधिकारियों ने बड़े स्तर पर विकास कार्य करवाने के नाम पर करोड़ों रुपये की निविदा प्रक्रिया पूरी करवाई लेकिन इससे पहले यह नहीं देखा गया कि उस क्षेत्र में सीवरेज और पेयजल लाइन बिछी है या नहीं।
-
पार्षदों ही देंगे अपने क्षेत्र की रिपोर्ट
नगर परिषद का चुनाव होने के बाद अब जिस वार्ड में ठेकेदार काम कर रहा है, वह कार्य सही है या नहीं। इसकी रिपोर्ट संबंधित क्षेत्र के पार्षद देंगे। वह उस गली के निवासी पांच से अधिक लोगों के हस्ताक्षर करवाएंगे। खेतरपाल कॉलोनी क्षेत्र के दो पार्षदों से रिपोर्ट मांगी गई है। इसके लिए वह शनिवार सुबह मौका मुआयना कर रिपोर्ट तैयार करेंगे।
सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की शिकायत मिली है। इसलिए सड़क का निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। संबंधित क्षेत्रों के दोनों वार्डों के पार्षदों को मौका मुआयना कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। जांच पूरी होने के बाद ही सड़क निर्माण संबंधी अगली प्रक्रिया पूरी की जाएगी। - वीर शांति स्वरूप, अध्यक्ष, नगर परिषद, सिरसा।