सिरसा। पहले गर्मियों के दिनों में पार्कों में पानी की किल्लत हो जाती है। पर्याप्त पानी न मिलने से पार्कों में लगे पौधे और घास सूख जाते थे। इसके समाधान के लिए अब नगर परिषद ने सभी पार्कों के लिए विशेष योजना तैयार की है। सभी पार्कों में अब बोरवेल लगाए जाएंगे। भूमिगत पानी का प्रयोग कर पार्कों को हरा भरा बनाया जाएगा।
इसके लिए विशेष एस्टीमेट तैयार किया गया है। 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 76 पार्कों में बोरवेल लगाने का कार्य नगर परिषद करेगी। बता दें कि नगर परिषद ने संस्थाओं को पार्क गोद दिए हुए हैं। इन संस्थाओं ने पार्कों में पानी की कमी होने के बारे में लिखित में नगर परिषद के अधिकारियों को बताया था।
इतना ही नहीं पार्कों के निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के जेई स्तर के अधिकारियों ने भी पाया कि पार्कों में पानी की कमी है। पेयजल सप्लाई का प्रयोग पार्कों की हरियाली बचाने में नहीं किया जा सकता, क्योंकि आमजन को ही गर्मियों में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पाता है। इसलिए अब पार्कों में बोरवेल लगाने का कार्य किया जाएगा। मंगलवार को हुई साधारण बैठक में विशेष रूप से इसे एजेंडे में रखा गया।
पार्कों की दीवारों को भी बनाया जाएगा सुंदर
पहली बार नगर परिषद ने पार्कों को लेकर अलग सोच के साथ काम किया है। पार्कों में आज तक जहां दीवारों पर कोटा स्टोन लगाने को प्रमुखता दी जाती थी। अब पार्कों की दीवारों पर पेंटिंग करवाई जाएगी। इस पेंटिंग से लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाएगा। पेंटिंग से जहां पार्कों की सुंदरता बढ़ेगी। वहीं, पार्कों से लोगों को जुड़ाव बढ़ेगा। इसको लेकर विशेष प्लान बनाया गया है। जिसमें 50 लाख रुपये खर्च होने की संभावना है।
पार्कों को हरा-भरा बनाने के लिए पानी बेहद जरूरी है। इसलिए सभी पार्कों में बोरवेल के माध्यम से पानी की व्यवस्था की जाएगी। जो खराब बोरवेल हैं, उन्हें दुरुस्त करवाया जाएगा। इसको लेकर एस्टीमेट बनाया गया है। रोहित हुड्डा, जेई, नगर परिषद
ये है मौजूदा स्थिति
पार्कों में पानी न होने से घास सूख रही है।
पुराने बोरवेल खराब हो चुके हैं।
पानी उपलब्ध न होने के कारण पक्षियों व अन्य जीवों के पीने के लिए पानी नहीं रखा जा रहा है।
कई पौधे पानी की कमी से सूख रहे हैं।