सिरसा। सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने हरियाणा के शिक्षा विभाग में सरकारी स्कूलों के लिए खरीदी गई साइंस लैब किट के हालातों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि रिपोर्ट में बताए गए तथ्य सही हैं तो यह विद्यार्थियों के हितों और सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला है।
सैलजा ने कहा कि समाचारों के अनुसार 729 सरकारी स्कूलों के लिए खरीदी गई साइंस लैब किट के कई उपकरण बाजार और सरकारी खरीद पोर्टलों की तुलना में अधिक कीमत पर खरीदे गए। साथ ही सबसे कम बोली लगाने वाली पात्र कंपनी के बजाय दूसरी कंपनी को लगभग 21 करोड़ रुपये का ठेका देने का भी दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी खरीद प्रक्रिया सार्वजनिक करे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए।
उन्होंने कहा कि सरकारी खरीद में पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा और वित्तीय अनुशासन सर्वोपरि हैं। यदि कम कीमत पर सामग्री उपलब्ध थी तो अधिक दरों पर खरीद की अनुमति किन आधारों पर दी गई, इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किट दो वर्षों से स्कूलों में उपयोग नहीं हो रही हैं तो यह शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही है। सैलजा ने उच्च स्तरीय, समयबद्ध जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।