डबवाली। नल में पानी न आने से बिना पानी के तरसते यात्री। संवाद
डबवाली। अमृत भारत के तहत रेलवे स्टेशन को भले ही जगमग बना दिया गया है, लेकिन रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। यात्रियों को रेलवे के वाटर कूलर में पीने का पानी नहीं मिल रहा है, मजबूरन उन्हें पानी खरीदना पड़ रहा है। रेलवे की पेयजल सप्लाई देने वाली मोटरें कई दिनों से खराब पड़ी है।
विभाग ने अभी तक इन मोटरों को दुरुस्त नहीं करवाया है। मोटरों के खराब होने से रेलवे स्टेशन के साथ लगने वाली कॉलोनियों में भी पानी सप्लाई नहीं हो पा रहा है। रेलवे विभाग की ओर से स्टेशन व कॉलोनी में पानी सप्लाई के लिए खुद की व्यवस्था बनाई हुई है, लेकिन अनदेखी के चलते यह व्यवस्था इन दिनों ठप पड़ी है। इस कारण यात्रियों को पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है।
हैरानी की बात तो यह है कि कुछ माह पहले ही रेलवे विभाग की ओर से डबवाली रेलवे स्टेशन का अमृत भारत योजना के तहत पुर्ननिर्माण हुआ है। इसके बाद भी ऐसे हालात होना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
खरीदकर पीना पड़ रहा पानी
रेलवे स्टेशन पर पहुंचे यात्री गुरमुख सिंह, नछतर सिंह, महेश, मूर्ति देवी, बिमला, कमला देवी व अन्य ने बताया कि स्टेशन पर लगे पानी के नलों में पानी की सप्लाई नहीं है, जिस कारण उन्हें बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा है। मजबूरी वंश पानी की बोतलें खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है। जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। वहीं, रेलवे कॉलोनी में भी हालात बद से बदतर हैं उन्हें भी बाहर से टैंकर मंगवाकर अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करना पड़ रहा है। इस मामले में जब अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।