शहर में एक दुकानदार राम मंदिर की मूर्ति दिखाते हुए।
सिरसा। अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम विग्रह के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शहरवासियों में काफी उत्साह है। मंदिरों में जहां साफ-सफाई का कार्य जोरों पर है, वहीं बाजारों में पूजा के सामान के काफी मांग है। इसके अलावा इस दिन आतिशबाजी को लेकर भी पटाखों की मांग बाजार में बढ़ी है।
श्रीराम विग्रह के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में उत्साह है। इस दिन जिलेभर में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनमें ध्वजा यात्रा से लेकर अन्य कार्यक्रम हैं। इसके अलावा मंदिरों में पूजा-अर्चना से लेकर हवन-भंडारा के कार्यक्रम भी होंगे। वहीं ऑफ सीजन होने के चलते बाजारों में पटाखों की भी काफी मांग है।
फुलझड़ी और अनार की मांग ज्यादा
दुकानदार शिव कुमार का कहना है कि आतिशबाजी की खरीदारी करने के लेकर काफी ग्राहक आ रहे हैं। सबसे ज्यादा मांग फुलझड़ी, अनार और रोशनी करने वाले पटाखों की है।
अन्य चीजों की भी बढ़ी मांग
22 जनवरी के कार्यक्रम को लेकर पटाखों के साथ अन्य वस्तुओं के दाम भी बढ़े हैं। झालर, बिजली से चलने वाली रंग बिरंगी लड़ियां व साज सजावट के सामान की भी मांग बढ़ी है। दुकानदारों के अनुसार बाजार में अगले 2-3 दिन काफी तेजी रहने का अनुमान है।
-शहरवासियों में 22 जनवरी को लेकर काफी उत्साह है। पटाखों की मांग काफी बढ़ी है। लोग पटाखों की खरीदारी के लिए आ रहे हैं।
-गोपी कुमार, पटाखा होल सेलर सिरसा।