सिरसा। प्रधानमंत्री आवासीय योजना को लेकर लोगों में काफी रुझान देखने को मिल रहा है। बड़े स्तर पर जरूरतमंद प्लॉट के लिए आवेदन कर रहे हैं। अपने घर का सपना पूर्ण करने के लिए आवेदक अंतिम तिथि से पहले ही आवेदन कर रहे हैं, ताकि कागजों में कोई कमी रहे तो उसे पूरा सकें। अभी तक करीब 5000 से ज्यादा ऑनलाइन आवेदन नगर परिषद को मिल चुके हैं।
बता दें कि नगर परिषद कार्यालय में आकर व सीएचसी से बड़े स्तर पर लोग ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में जिले में 963 लोगों को प्लाॅट दिए जाने हैं। इन प्लॉट के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि केंद्र सरकार ने 15 फरवरी निर्धारित की है। ऐसे में अभी आवेदन करने के लिए अभी 6 दिन और बाकी हैं। 15 फरवरी तक यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।
बता दें कि प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत प्लाॅट देने को लेकर जगह का चयन नगर परिषद प्रशासन ने कर लिया है। सेक्टर 20 पार्ट 3 के साथ लगती भूमि पर यह प्लाॅट आवंटित किए जाएंगे। हाईवे के साथ यह रकबा लगता है। भविष्य में शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए इस एरिया का चयन प्रशासन ने किया है।
30 -30 गज के मिलेंगे प्लाॅट
प्रधानमंत्री आवासीय योजना केंद्र सरकार की योजना है। योजना के तहत पहले बने हुए फ्लैट गरीब व जरूरतमंद लोगों को दिए जाते थे। हाउसिंग बोर्ड हरियाणा की ओर से फ्लैट बनाने का कार्य किया जाता था। किश्त के तौर पर 30 से 40 हजार रुपये एडवांस जमा करवाए जाते थे। इस कारण लोगों को में इनके प्रति रुझान कम हो रहा था। ऐसे में अब सरकार ने निर्णय लिया है कि मकान की जगह प्लॉट आवंटित किए जाए। इसी कड़ी में अब नगर परिषद की ओर से आवेदन जमा करवाए जा रहे हैं। वहीं किश्त के तौर पर 10 हजार रुपये की राशि ही जमा करवानी होगी। प्लॉट निकलने के बाद संबंधित व्यक्ति सरकार से पास नक्शे के अनुसार अपना मकान बना सकता है। उसे ग्राउंड फ्लोर बनाना है या एक मंजिल बनाना है। यह संबंधित व्यक्ति की आर्थिक स्थिति पर निर्भर करेगा। हालांकि सरकारी योजना के तहत मिले आवास पर सरकार की ओर से सस्ती दरों पर लोन भी उपलब्ध करवाया जाता है। ऐसे में इन जरूरतमंद लोगों को आसानी से बैंक लोन मिल जाएगा और यह अपने घर के सपने को पूरा कर पाएंगे।
यह है नियम -
- आवेदनकर्ता के पास खुद की जमीन और मकान नहीं होना चाहिए।
- आवेदनकर्ता की सालाना आय 1.80 लाख रुपये वार्षिक से कम हो।
- आवेदनकर्ता का मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना पोर्टल पर पंजीकरण करवाना जरूरी।
- आवेदनकर्ता को 10 हजार रुपये की राशि भी जमा करवानी होगी।
- प्लॉट आवंटन प्रक्रिया में अनुसूचित जाति, घुमंतू जाति और विधवा आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत अभी तक करीबन 5000 आवेदन आए हैं। सेक्टर 20 के पास 963 लोगों को प्लॉट दिए जाएंगे। 15 फरवरी तक सरकार की गाइडलाइन पूरी करने वाले लोग आवेदन कर सकते हैं।
-दिव्या, पीएमएवाई, इंचार्ज, नगर परिषद